Intermittent fasting: क्या वाकई इंटरमिटेंट फास्टिंग में तेजी से घटता है वजन? जाने एक्सपर्ट की राय

3 Min Read

Intermittent fasting:

नई दिल्ली, एजेंसियां। आजकल वजन घटाने के लिए इंटरमिटेंट फास्टिंग (Intermittent Fasting) काफी लोकप्रिय हो चुकी है। सोशल मीडिया पर इसे तेजी से वजन कम करने का असरदार और आसान तरीका बताया जाता है। कई लोग इसे चमत्कारी उपाय मानकर अपनाते हैं। हालांकि हाल ही में प्रकाशित एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय स्टडी ने इस दावे पर सवाल खड़े किए हैं। यह शोध प्रतिष्ठित संस्था Cochrane द्वारा किया गया, जिसमें यूरोप, उत्तरी अमेरिका, चीन, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अमेरिका के कुल 1,995 वयस्कों के डेटा का विश्लेषण किया गया। अलग-अलग डाइट पैटर्न की तुलना करने के बाद शोधकर्ताओं ने पाया कि इंटरमिटेंट फास्टिंग से वजन घटाने का असर सामान्य कैलोरी-कंट्रोल डाइट के बराबर ही है, उससे ज्यादा नहीं।

औसतन सिर्फ 3% वजन कम

वैज्ञानिक विश्लेषण में सामने आया कि इंटरमिटेंट फास्टिंग अपनाने वाले लोगों का औसतन लगभग 3% वजन कम हुआ। डॉक्टरों के मुताबिक, स्वास्थ्य पर स्पष्ट सकारात्मक असर देखने के लिए कम से कम 5% वजन कम होना जरूरी माना जाता है। इससे डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और हृदय रोग जैसी समस्याओं का खतरा कम हो सकता है।शोधकर्ताओं का कहना है कि केवल खाने का समय बदल देने से बड़े परिणाम मिलना जरूरी नहीं है। वजन घटाने में व्यक्ति की जीवनशैली, शारीरिक सक्रियता और नियमितता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

अलग-अलग फास्टिंग तरीकों की तुलना

अध्ययन में कई प्रकार की इंटरमिटेंट फास्टिंग पद्धतियों को शामिल किया गया, जैसे हर दूसरे दिन उपवास, 5:2 डाइट (हफ्ते में दो दिन कम कैलोरी) और टाइम-रिस्ट्रिक्टेड ईटिंग (दिन के तय घंटों में भोजन)। परिणामों में पाया गया कि इनमें से कोई भी तरीका पारंपरिक संतुलित डाइट से ज्यादा प्रभावी साबित नहीं हुआ।

रिसर्च की सीमाएं भी रहीं

अधिकांश अध्ययन 12 महीने से कम अवधि के थे और उनकी गुणवत्ता मध्यम स्तर की बताई गई। साथ ही प्रतिभागियों से यह नहीं पूछा गया कि वे इस डाइट से कितने संतुष्ट थे या इसे लंबे समय तक अपनाना कितना आसान था।

विशेषज्ञ की राय

आरएमएल अस्पताल में मेडिसिन विभाग के निदेशक के अनुसार, वजन घटाने के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और अनुशासित दिनचर्या सबसे अहम हैं। केवल उपवास पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है।विशेषज्ञों का मानना है कि वजन घटाने के लिए वही तरीका अपनाना बेहतर है, जिसे लंबे समय तक आसानी से फॉलो किया जा सके। इंटरमिटेंट फास्टिंग कोई जादुई समाधान नहीं, बल्कि एक विकल्प मात्र है।

Share This Article