DK Shivakumar to CM:
बैंगलोर, एजेंसियां। कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन की अटकलें जोर पकड़ चुकी हैं। मौजूदा मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की जगह अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा तेजी से चल रही है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, 2023 में सरकार गठन के दौरान पार्टी नेतृत्व ने “पावर-शेयरिंग फॉर्मूले” पर अनौपचारिक सहमति दी थी, जिसके अनुसार कार्यकाल के बीच में CM बदलने की बात शामिल थी। यही मुद्दा अब दोबारा सक्रिय हो गया है।
सूत्र क्या बताते है?
सूत्र बताते हैं कि एक ओर सिद्धारमैया गुट चाहता है कि मौजूदा व्यवस्था मार्च 2026 तक बनी रहे और केवल मंत्रिमंडल में फेरबदल किया जाए। जबकि दूसरी ओर शिवकुमार समर्थक परिवर्तन की ठोस समय-सीमा घोषित करने का दबाव बना रहे हैं। उनका मानना है कि पार्टी को अपने वादे पर कायम रहना चाहिए।इस पूरे राजनीतिक माहौल में बीजेपी ने भी अवसर साध लिया है। पार्टी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें डीके शिवकुमार को “CM की कुर्सी ऑर्डर करते” दिखाया गया है। इस पोस्ट को लेकर सियासी हलचल और तेज हो गई है।
कांग्रेस चाहती है कि 1 दिसंबर से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र से पहले कर्नाटक की राजनीतिक स्थिरता सुनिश्चित कर दी जाए। अब देखना है कि हाईकमान किस पक्ष को साधता है और किसके हाथ में कर्नाटक की कमान जाती है।

