Dhurandhar OTT release: ओटीटी पर रिलीज हुई ‘धुरंधर’, कटे सीन और म्यूट डायलॉग्स पर भड़के फैंस

3 Min Read

Dhurandhar OTT release:

मुंबई, एजेंसियां। रणवीर सिंह की मेगा-ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ आखिरकार 30 जनवरी 2026 को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो गई है। बॉक्स ऑफिस पर 1200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी यह फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगु—तीनों भाषाओं में रात 12 बजे से स्ट्रीम की जा रही है। हालांकि, ओटीटी रिलीज के साथ ही फिल्म विवादों में घिर गई है। वजह है नेटफ्लिक्स पर दिखाया गया सेंसर किया गया वर्जन, जिसने फैंस को नाराज कर दिया है।

ओटीटी रिलीज में क्यों मचा बवाल?

जैसे ही दर्शकों ने नेटफ्लिक्स पर ‘धुरंधर’ देखी, उन्होंने पाया कि फिल्म के कुछ अहम हिस्से गायब हैं। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि ओटीटी वर्जन में करीब 10 मिनट के सीन काट दिए गए हैं, साथ ही कई गाली-गलौज वाले डायलॉग्स को म्यूट कर दिया गया है। थिएटर में रिलीज हुई फिल्म की अवधि 3 घंटे 34 मिनट थी, जबकि नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध वर्जन सिर्फ 3 घंटे 25 मिनट का है।

फैंस का कहना है कि जब फिल्म पहले ही सिनेमाघरों में अनसेंसर्ड रूप में रिलीज हो चुकी थी और ओटीटी प्लेटफॉर्म 18+ कैटेगरी में आता है, तो फिर इस तरह की सेंसरशिप का कोई तर्क नहीं बनता।

सोशल मीडिया पर फैंस का गुस्सा

एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर दर्शकों ने नेटफ्लिक्स इंडिया पर जमकर नाराजगी जताई। एक यूजर ने लिखा, “नेटफ्लिक्स इंडिया ने पूरा एक्सपीरियंस खराब कर दिया, हमें अनसेंसर्ड वर्जन चाहिए।” दूसरे यूजर ने कहा, “10 मिनट काट दिए गए हैं, ये वही फिल्म नहीं है जो थिएटर में देखी थी।” कई लोगों ने सवाल उठाया कि ओटीटी पर रिलीज के लिए अलग कट क्यों बनाया गया।

नेटफ्लिक्स की आधिकारिक घोषणा

नेटफ्लिक्स ने फिल्म की रिलीज की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा था, “धुरंधर की इस एपिक कहानी को देखें, अब नेटफ्लिक्स पर हिंदी, तमिल और तेलुगु में स्ट्रीमिंग।” शुरुआत में फैंस ने इस पोस्ट का स्वागत किया, लेकिन कुछ ही घंटों में कट्स सामने आने के बाद माहौल बदल गया।

बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ का जलवा

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘धुरंधर’ ने भारत में 56 दिनों में 835.83 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1,344.74 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। करीब 250 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म रणवीर सिंह के करियर की सबसे बड़ी हिट साबित हुई है।अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या नेटफ्लिक्स फैंस की मांग पर अनसेंसर्ड वर्जन रिलीज करेगा या नहीं, खासकर जब ‘धुरंधर 2’ की रिलीज 19 मार्च 2026 को तय है।

Share This Article
Exit mobile version