Dheeraj Kumar:
मुंबई, एजेंसियां। हिंदी सिनेमा और टेलीविजन जगत के वरिष्ठ अभिनेता, निर्माता और निर्देशक धीरज कुमार अब इस दुनिया में नहीं रहे। मंगलवार, 15 जुलाई 2025 को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में निमोनिया के चलते उनका निधन हो गया। बुधवार दोपहर 12:15 बजे उनका अंतिम संस्कार विले पार्ले के श्मशान घाट में किया गया। इस दौरान परिजनों और करीबियों की आंखें नम थीं।
अंतिम विदाई में उमड़ा बॉलीवुड
धीरज कुमार के अंतिम दर्शन के लिए टेलीविजन और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकार पहुंचे। असित मोदी (निर्माता, ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’), रजा मुराद, दीपक पराशर, सुरेंद्र पाल और तरुण खन्ना जैसे दिग्गज कलाकार उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। रजा मुराद ने भावुक होते हुए कहा, “धीरज जी ने सिर्फ शोहरत नहीं, बल्कि इज्जत भी कमाई थी। वह जो वादा करते थे, निभाते भी थे।”
इंडस्ट्री को बड़ा नुकसान
धीरज कुमार ने 1981 की सुपरहिट फिल्म ‘क्रांति’ में अभिनय कर लोगों के दिलों में जगह बनाई। बाद में वह टेलीविजन की ओर मुड़े और ‘ओम नमः शिवाय’, ‘श्री गणेश’ जैसे धार्मिक धारावाहिकों का निर्माण कर भारतीय टेलीविजन को एक नई पहचान दी। उन्होंने अपने प्रोडक्शन हाउस ‘क्रिएटिव आई लिमिटेड’ के जरिए कई उल्लेखनीय शो दिए।
बीमारी बनी जीवन की दुश्मन
धीरज कुमार को एक्यूट निमोनिया हुआ था। पहले परिवार ने बताया था कि उनकी हालत स्थिर है और इलाज चल रहा है, लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बचाया नहीं जा सका।धीरज कुमार की मौत से टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उनका जाना एक युग के अंत जैसा महसूस हो रहा है।
इसे भी पढ़ें








