Alwar News: दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, पिकअप में आग लगने से 3 की जिंदा जलकर मौत

3 Min Read

Alwar News

अलवर, एजेंसियां। राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। रैणी थाना क्षेत्र में रात करीब एक बजे एक पिकअप वाहन में आग लग गई, जिसमें सवार तीन लोगों की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को प्राथमिक इलाज के बाद जयपुर रेफर किया गया है।

टक्कर के बाद लगी भीषण आग

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पिकअप को पीछे या ड्राइवर साइड से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी। टक्कर लगते ही वाहन में आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेज थी कि पिकअप में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। तीनों मृतकों के शव वाहन की सीटों से चिपके हुए मिले।

मृतकों की पहचान, घायल की हालत गंभीर

एएसआई मोहम्मद आमीन ने बताया कि मृतकों की पहचान मोहित (बहादुरगढ़, हरियाणा), दीपेंद्र (सागर, मध्यप्रदेश) और पदम (सागर, मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान हन्नी (झज्जर, हरियाणा) के तौर पर हुई है, जिन्हें गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है। पिकअप वाहन झज्जर (हरियाणा) में पंजीकृत बताया जा रहा है।

एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी, रेस्क्यू में देरी

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। आग की भयावहता को देखते हुए वाहन चालकों में दहशत फैल गई और ट्रैफिक पूरी तरह रुक गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, जब तक रेस्क्यू शुरू हुआ, तब तक पिकअप पूरी तरह जल चुकी थी। आग बुझाने के लिए मौके पर पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोग बेबस नजर आए।

सीसीटीवी फुटेज से होगी जांच

पुलिस ने शवों को रैणी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि टक्कर किस वाहन ने मारी थी और हादसे की असली वजह क्या थी।

Share This Article