Delhi Metro Magenta Line:
नई दिल्ली, एजेंसियां। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने फेज-4 विस्तार योजना के तहत एक बड़ा और अहम बदलाव किया है। इस बदलाव के बाद अब पिंक लाइन नहीं, बल्कि मजेंटा लाइन दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की सबसे लंबी लाइन बनने जा रही है। DMRC ने इंद्रप्रस्थ-इंद्रलोक कॉरिडोर को ग्रीन लाइन के बजाय मजेंटा लाइन से जोड़ने का फैसला लिया है, जिससे यात्रियों को सीधा और तेज कनेक्टिविटी लाभ मिलेगा।
पहले योजना के अनुसार
पहले योजना के अनुसार, फेज-4 में बन रहा 11.9 किलोमीटर लंबा इंद्रप्रस्थ-इंद्रलोक कॉरिडोर ग्रीन लाइन का हिस्सा होना था। लेकिन नए मास्टरप्लान के तहत इसे मजेंटा लाइन में शामिल कर दिया गया है। इस विस्तार के बाद मजेंटा लाइन की कुल लंबाई 88.4 किलोमीटर हो जाएगी, जो बोटेनिकल गार्डन (नोएडा) से शुरू होकर सीधे इंद्रलोक तक पहुंचेगी। यह लंबाई विस्तार के बाद भी पिंक लाइन (लगभग 72 किमी) से कहीं ज्यादा होगी।
VIP और ऐतिहासिक इलाकों से गुजरेगी मेट्रो
इस नए कॉरिडोर को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक बनने वाले इस रूट पर कुल 9 नए स्टेशन होंगे। इनमें शिवाजी स्टेडियम, केंद्रीय सचिवालय, कर्तव्य पथ, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल-हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस और भारत मंडपम जैसे दिल्ली के प्रमुख और ऐतिहासिक इलाके शामिल हैं। इससे सरकारी दफ्तरों, पर्यटन स्थलों और VIP क्षेत्रों तक पहुंच आसान हो जाएगी।
यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा
इंद्रप्रस्थ स्टेशन पर ब्लू लाइन और इंद्रलोक स्टेशन पर रेड व ग्रीन लाइन के साथ इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी। इस पूरे कॉरिडोर पर आधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम और ड्राइवरलेस ट्रेनें चलेंगी, जैसे मौजूदा मजेंटा लाइन पर चलती हैं। साथ ही शिवाजी स्टेडियम और राजीव चौक के बीच प्रस्तावित सबवे से कनॉट प्लेस जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों पर दबाव कम होगा।DMRC के इस नए फैसले से न सिर्फ यात्रा समय घटेगा, बल्कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क और भी ज्यादा स्मार्ट और सुगम बन जाएगा।







