Delhi blast:
नई दिल्ली, एजेंसियां। दिल्ली धमाके के बाद देशभर की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। इसी बीच गुरुवार को एक और बम धमकी से हड़कंप मच गया। कनाडा के टोरंटो से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-188 को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर आपात स्थिति घोषित कर दी गई और विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
फ्लाइट के दिल्ली पहुंचने से पहले ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई थीं। एयरपोर्ट पर बम थ्रेट असेसमेंट कमेटी (BTAC) का गठन किया गया। जांच के बाद धमकी को “नॉन-स्पेसिफिक” यानी अपुष्ट श्रेणी में रखा गया। बावजूद इसके, सुरक्षा कारणों से पूरे विमान की गहन जांच की गई।
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने जारी किया बयान:
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बयान जारी करते हुए कहा, “टोरंटो से दिल्ली आने वाली फ्लाइट में सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया था। क्रू मेंबर ने सभी मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।” फ्लाइट ने दोपहर करीब 3:40 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।एयरलाइन की ओर से बताया गया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और विमान को अलग स्थान पर पार्क कर तलाशी ली गई। सुरक्षा एजेंसियों ने प्रोटोकॉल के अनुसार जांच प्रक्रिया पूरी की।
दिल्ली में 10 नवंबर को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके में 13 लोगों की मौत के बाद से ही सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस घटना के बाद से लगातार एयरपोर्ट और मेट्रो स्टेशनों को बम धमकी के संदेश मिल रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां इसे हालिया हमले की पृष्ठभूमि में गंभीरता से ले रही हैं।







