Delhi Blast: अल फलाह यूनिवर्सिटी से मौलवी गिरफ्तार, घर से मिला 2,500 किलो विस्फोटक

2 Min Read

Delhi Blast:

नई दिल्ली, एजेंसियां। दिल्ली के लाल किला इलाके में हुए धमाके के बाद पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों ने बुधवार को अल फलाह विश्वविद्यालय परिसर, फरीदाबाद से मौलवी इश्तियाक को गिरफ्तार किया है। यह वही व्यक्ति है जिसके घर से 2,500 किलोग्राम से अधिक अमोनियम नाइट्रेट, पोटेशियम क्लोरेट और सल्फर बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि यह घर आतंकी मॉड्यूल की मीटिंग और विस्फोटक सामग्री रखने का केंद्र बन चुका था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार:

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौलवी इश्तियाक के आवास पर डॉक्टर मुजम्मिल गनई उर्फ मुसैब और डॉ. उमर नबी नियमित रूप से बैठकर देशभर में ब्लास्ट की साजिश रचते थे। उमर नबी वही शख्स है जिसने लाल किला ब्लास्ट वाली कार चलाई थी। इस घटना में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है और कई घायल हैं।गिरफ्तारी के बाद मौलवी को पूछताछ के लिए श्रीनगर ले जाया गया है। पुलिस का कहना है कि यह नेटवर्क डॉक्टरों, मौलवियों और छात्रों की आड़ में सक्रिय था, जिसका मकसद देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों और सरकारी ठिकानों को निशाना बनाना था।

दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर, चल रही है छापेमारी:

दिल्ली पुलिस ने राजधानी में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। सभी एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर कड़ी जांच चल रही है। भीड़भाड़ वाले इलाकों, मॉल, पर्यटन स्थलों और धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।अब तक इस मामले में नौ गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। एजेंसियां अब इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में दिल्ली, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश में छापेमारी कर रही हैं। जांच एजेंसियों को संदेह है कि कुछ विस्फोटक सामग्री और संदिग्ध व्यक्ति अब भी फरार हैं, जिससे खतरा अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

Share This Article