Energy drinks health risks:
नई दिल्ली, एजेंसियां। आज की तेज़ रफ्तार जीवनशैली में लोग थकान दूर करने और तुरंत ऊर्जा पाने के लिए एनर्जी ड्रिंक्स पर तेजी से निर्भर हो रहे हैं। बाजार में उपलब्ध इन ड्रिंक्स को “इंस्टेंट एनर्जी” के तौर पर प्रचारित किया जाता है, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार यह ऊर्जा असली नहीं बल्कि शरीर पर अतिरिक्त दबाव का परिणाम होती है।
रिपोर्ट्स और कई वैज्ञानिक अध्ययनों क्या निकला?
रिपोर्ट्स और कई वैज्ञानिक अध्ययनों से पता चला है कि एनर्जी ड्रिंक्स में मौजूद कैफीन, शुगर और प्रिज़र्वेटिव्स किडनी के कामकाज को प्रभावित कर सकते हैं। साउथ डकोटा स्टेट यूनिवर्सिटी द्वारा 2008 से 2020 के बीच किए गए विभिन्न शोधों की समीक्षा में पाया गया कि नियमित रूप से एनर्जी ड्रिंक्स का सेवन किडनी पर अतिरिक्त बोझ डालता है और लंबे समय में किडनी, लिवर और हृदय संबंधी समस्याओं का जोखिम बढ़ सकता है।
विशेषज्ञों का क्या है कहना?
विशेषज्ञों का कहना है कि एनर्जी ड्रिंक्स में अक्सर हाई-फ्रक्टोज कॉर्न सिरप, कैफीन, टॉरिन, आर्टिफिशियल स्वीटनर और सोडियम बेंजोएट जैसे तत्व होते हैं। ये शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ाते हैं, जिससे किडनी की कोशिकाओं को नुकसान पहुंच सकता है। बार-बार इन रसायनों को फिल्टर करने से किडनी की फिल्टरिंग यूनिट्स पर सूक्ष्म चोटें लग सकती हैं, जो आगे चलकर क्रॉनिक किडनी डिजीज का कारण बन सकती हैं।
हाई-फ्रक्टोज शुगर शरीर में यूरिक एसिड का स्तर बढ़ा सकती है, जिससे किडनी स्टोन, हाई ब्लड प्रेशर और सूजन का खतरा बढ़ जाता है। वहीं कैफीन डिहाइड्रेशन और ब्लड प्रेशर बढ़ाने का कारण बन सकता है, जिससे किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित होती है। विशेषज्ञ बताते हैं कि इन ड्रिंक्स से मिलने वाली ऊर्जा वास्तव में दिमाग में थकान के संकेतों को दबाने का असर होती है, न कि शरीर को मिलने वाली वास्तविक ऊर्जा।
डॉक्टरों के अनुसार
डॉक्टरों के अनुसार रोजाना एनर्जी ड्रिंक का सेवन करने से शरीर में क्रॉनिक इंफ्लेमेशन, हार्मोनल असंतुलन, मोटापा और इंसुलिन रेजिस्टेंस जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसलिए इनका नियमित सेवन करने से बचना जरूरी है।स्वास्थ्य विशेषज्ञ प्राकृतिक विकल्प अपनाने की सलाह देते हैं, जैसे नींबू पानी, नारियल पानी, छाछ, फल, स्प्राउट्स और ड्राई फ्रूट्स। इसके साथ ही रोज़ पर्याप्त पानी पीना, प्रोसेस्ड फूड कम करना, हल्की एक्सरसाइज करना और समय-समय पर किडनी व ब्लड प्रेशर की जांच कराना बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी माना जाता है।
एनर्जी ड्रिंक्स तुरंत ताजगी का एहसास दे सकते हैं, लेकिन उनका लगातार सेवन भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।












