Cyclone Montha:
भुवनेश्वर, एजेंसियां। चक्रवात मोन्था आंध्र प्रदेश के काकीनाडा से गुजरकर बुधवार सुबह ओडिशा के गंजम में गोपालपुर बीच पर पहुंच गया है। गंजम के समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं और 80-100kmph की रफ्तार से हवा चल रही है। इसके असर से ओड़िशा से लेकर झारखंड तक झमाझम बारिश हो रही है। IMD के मुताबिक लैंडफॉल के बावजूद अगले 6 घंटों तक इसका असर रहेगा।
भारी बारिश और तेज हवाएं चल रहीः
आंध्र के बाद ओडिशा के 8 जिले गंजम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट, मलकानगिरी, कंधमाल, कालाहांडी और नबरंगपुर में मोन्था के चलते भारी बारिश शुरू हो गई है और आंधी चल रही है।
लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहाः
राज्य सरकार ने इन जिलों से 11 हजार लोगों को निकाला है। 30 हजार लोगों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाने की तैयारी है। ODRF की 30 टीम और NDRF की 5 टीमों को तैनात किया गया है।
पहले आंध्र प्रदेश पहुंचा तूफानः
इससे पहले मंगलवार रात में चक्रवात आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम तट से टकराया था। मंगलवार शाम 7.30 बजे से देर रात लगभग 1 बजे तक लगभग 5.30 घंटे लैंडफॉल चला। इस दौरान 90-100kmph की रफ्तार से हवा चली थी, जो कि 110kmph पहुंच गई।
पेड़ गिरे और मकान ढहेः
मछलीपट्टनम में कई जगह पेड़ गिरे, समुद्र किनारे के मकान ढह गए। कई इलाकों में बिजली के तार टूट गए और पोल गिर गए। शहर की बिजली व्यवस्था ठप हो गई। कोनासीमा में घर पर पेड़ गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत हुई। एक दूसरी घटना में 2 अन्य लोग घायल हो गए।
कई राज्यों में 3 दिन तक बारिश होगीः
मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान के असर से केरल, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और झारखंड में अगले 3 दिन तक बारिश हो सकती है।
300 KM का एरिया कवर किया हुआ हैः
मोन्था ने 300 KM का एरिया कवर किया हुआ है। तूफान मोन्था को यह नाम थाइलैंड ने दिया है। थाई भाषा में इसका अर्थ है सुगंधित फूल।
इसे भी पढ़ें



