Crop damage insurance:
नागपुर, एजेंसियां। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएम-एफबीवाई) के तहत अब बाढ़ और जंगली जानवरों से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई भी की जाएगी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नागपुर में ये ऐलान किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के इस दौर में बारिश और सूखे का अनुमान लगाना मुश्किल हो गया है। इस साल सितंबर में आई बाढ़ से कई किसानों की फसलें तबाह हो गईं।
फसल बीमा योजना का कवर एरिया बढ़ाः
कृषि मंत्री ने कहा- प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में प्राकृतिक आपदा, सूखा, ओलावृष्टि, तूफान, कीट और बीमारियों से फसल को हुए नुकसान को ही कवर किया जाता था। अब जंगली जानवरों से होने वाला नुकसान और अतिवृष्टि के कारण बाढ़ या जलभराव के कारण फसलों को होने वाला नुकसान भी फसल बीमा योजना में कवर कर लिए गए हैं।
पीएम मोदी की पहल पर फैसलाः
उन्होंने कहा कि यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर लिया गया है। इससे देश के लाखों किसानों को सीधा फायदा मिलेगा, खासकर उन इलाकों में जहां जंगली जानवरों से फसल बर्बाद होना आम बात है या मानसून में जलभराव की समस्या बार-बार आती है।

















