Free gas cylinders:
नई दिल्ली, एजेंसियां। दिल्ली सरकार ने त्योहारों से पहले राजधानी के गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार ने होली और दीपावली के मौके पर मुफ्त गैस सिलेंडर देने का ऐलान किया है। इस योजना के तहत दिल्ली के करीब 17.5 लाख राशनकार्ड धारकों को गैस सिलेंडर की कीमत के बराबर 853 रुपये सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजे जाएंगे।
इस योजना के लिए 242 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी
इस योजना के लिए दिल्ली कैबिनेट ने 242 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है। यह फैसला सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर लिया गया है और यह भारतीय जनता पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादों का हिस्सा भी था। सरकार का कहना है कि इस कदम से महंगाई के दौर में गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी और वे त्योहार बिना किसी आर्थिक दबाव के मना सकेंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुशी से कहा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस फैसले पर खुशी जताते हुए कहा, “आज हम दिल्ली के परिवारों से किया गया एक वादा पूरा कर रहे हैं। होली और दीपावली के अवसर पर मुफ्त सिलेंडर देना हमारा संकल्प था, जिसे कैबिनेट की मंजूरी के साथ लागू किया जा रहा है। आने वाले समय में सरकार अपने सभी वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगी।”
सीएम ने क्या कहा?
सीएम ने यह भी कहा कि विकसित दिल्ली का सपना हर विधानसभा के विकास से जुड़ा है। इसके लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपये के फंड जारी किए जा रहे हैं।इसके साथ ही उन्होंने चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी जिक्र किया, जो 2026 में शुरू होने वाला है। यह परियोजना 30 लाख से अधिक दिल्लीवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराएगी और लंबे समय से अटके इस प्रोजेक्ट को अब केंद्र सरकार के सहयोग से समय पर पूरा किया जाएगा।











