Chinese manjha ban in UP
लखनऊ, एजेंसियां। उत्तर प्रदेश सरकार ने चाइनीज मांझे पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। लगातार हो रही मौतों और गंभीर दुर्घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने साफ निर्देश दिए हैं कि चाइनीज मांझे के कारण यदि किसी व्यक्ति की मौत होती है, तो उस मामले में हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
सीएम योगी का पुलिस अधिकारीयों को आदेश
सीएम योगी ने प्रदेश के सभी पुलिस अधिकारियों को आदेश दिया है कि चाइनीज मांझे की बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल को रोकने के लिए पूरे प्रदेश में सघन छापेमारी अभियान चलाया जाए। इस अभियान की नियमित समीक्षा भी उच्च स्तर पर की जाएगी, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
मुख्यमंत्री का अधिकारियों से सवाल
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कड़े सवाल पूछते हुए कहा कि प्रतिबंध के बावजूद बाजार में चाइनीज मांझा कैसे पहुंच रहा है और इसके पीछे कौन लोग हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की पहचान कर तत्काल कार्रवाई की जाए और दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, चाइनीज मांझे से होने वाली घटनाएं बेहद गंभीर होती जा रही हैं। हाल ही में लखनऊ में एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की गला कटने से दर्दनाक मौत हो गई थी। बीते एक वर्ष में इस तरह की कम से कम आठ घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यूपी पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि जब्ती और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रखा जाए, ताकि इस खतरनाक मांझे पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।


















