छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता, 15 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

2 Min Read

Naxalites surrender

रायपुर, एजेंसियां। छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान को बड़े स्तर पर सफलता मिली है। बुधवार को छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा और कांकेर जिले में कुल 15 नक्सलियों ने हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। आत्मसमर्पित नक्सलियों पर सम्मिलित रूप से 1 करोड़ रुपये से अधिक का इनाम घोषित था। इनमें 25 लाख के इनामी कुख्यात नक्सली विनोद सैयाना का समर्पण सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

गढ़चिरौली: 11 नक्सलियों ने किया समर्पण

छत्तीसगढ़ से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में 11 नक्सलियों ने डीजी रश्मि शुक्ला के सामने आत्मसमर्पण किया। इन सभी पर कुल 89 लाख रुपये का इनाम था। नक्सलियों ने चार हथियार भी पुलिस को सौंपे। समर्पण करने वालों में कुख्यात विनोद सैयाना शामिल है, जिस पर 25 लाख रुपये का इनाम था। यह सभी नक्सली लंबे समय से छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर सक्रिय थे और कई हिंसक घटनाओं में शामिल माने जाते रहे हैं।

कांकेर: 23 लाख के इनामी 4 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

कांकेर जिले में भी नक्सल मोर्चे पर महत्वपूर्ण सफलता मिली, जहां 4 नक्सलियों ने एसपी आईके एलेसेला के सामने आत्मसमर्पण किया। इन चारों पर कुल 23 लाख रुपये का इनाम घोषित था। सरेंडर करने वालों में दो पुरुष और दो महिला नक्सली शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें कंपनी नंबर 10 का एक सक्रिय सदस्य भी था। वहीं, एक महिला नक्सली कुख्यात मदनवाड़ा हमले में शामिल रही, जिसमें एसपी विनोद चौबे शहीद हुए थे।

पुनर्वास नीति के तहत पुलिस ने चारों नक्सलियों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। प्रशासन का कहना है कि यह समर्पण अभियान नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की बढ़ती पकड़ और विकास कार्यों के प्रति बढ़ते विश्वास का संकेत है।इन सामूहिक आत्मसमर्पणों से नक्सल गतिविधियों पर गंभीर चोट पहुंची है और क्षेत्र में शांति स्थापित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share This Article