Chennai express fire: चेन्नई जा रही एक्सप्रेस में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित

2 Min Read

Chennai express fire:

नई दिल्ली, एजेंसियां। नई दिल्ली से चेन्नई जा रही ट्रेन संख्या 12616 में मंगलवार दोपहर आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। यह हादसा सेंट्रल रेलवे के नागपुर डिविजन में सिंधी और तुलजापुर स्टेशनों के बीच हुआ। जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के SLR (गार्ड) कोच से धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद एहतियातन ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया।

प्रभावित कोच को तुरंत किया गया अलग

घटना सुबह करीब 11:09 बजे सामने आई, जब ट्रेन नागपुर से रवाना होकर वर्धा की ओर बढ़ रही थी। रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया, ताकि आग अन्य डिब्बों तक न फैल सके। स्थानीय फायर ब्रिगेड को भी मौके पर बुलाया गया।रेलवे स्टाफ ने शुरुआती स्तर पर कोच में मौजूद फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाने की कोशिश की। बाद में दमकलकर्मियों ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया।

सभी यात्री सुरक्षित

Central Railway के प्रवक्ता संजय मुले ने बताया कि ट्रेन के सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

प्रभावित डिब्बे के बिना आगे बढ़ेगी ट्रेन

अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित डिब्बे को अलग करने के बाद ट्रेन को कुछ समय की देरी से आगे रवाना किया जाएगा। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं।

Share This Article