CBSE Class 12 board exam: CBSE 12वीं बोर्ड में बड़ा बदलाव: अब कंप्यूटर स्क्रीन पर जांच होगी 12वीं की कॉपियों

3 Min Read

CBSE Class 12 board exam:

नई दिल्ली, एजेंसियां। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच प्रक्रिया में इस साल से बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अब तक जहां कॉपियों की फिजिकल जांच की जाती थी, वहीं अब डिजिटल ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम लागू करने की तैयारी है। इस नई व्यवस्था के तहत उत्तर पुस्तिकाओं को स्कैन कर डिजिटल फॉर्मेट में परीक्षकों को उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया अधिक तेज, साफ और भरोसेमंद बन सके।

क्या है ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम?

ऑन-स्क्रीन मार्किंग का मतलब है कि छात्र की आंसर शीट को स्कैन कर कंप्यूटर या लैपटॉप की स्क्रीन पर जांचा जाएगा। शिक्षक स्क्रीन पर ही उत्तर देखेंगे और वहीं तय मार्किंग स्कीम के अनुसार अंक देंगे। इसके लिए सीबीएसई एक सख्त और मानकीकृत मार्किंग स्कीम लागू करेगा, ताकि सभी छात्रों का मूल्यांकन समान और निष्पक्ष तरीके से हो सके। तकनीकी व्यवस्था संभालने के लिए एक विशेष एजेंसी का चयन भी किया जा रहा है।

स्टेप मार्किंग से छात्रों को मिलेगा लाभ

डिजिटल जांच प्रणाली में ‘स्टेप मार्किंग’ का सख्ती से पालन किया जाएगा। यानी यदि छात्र ने सवाल हल करने के सही स्टेप्स और जरूरी शब्द लिखे हैं, तो उन्हें उचित अंक मिलेंगे, भले ही अंतिम उत्तर में हल्की चूक हो। इससे मेहनत करने वाले छात्रों को उनके प्रयास का पूरा श्रेय मिलेगा।

समय की बचत और पारदर्शिता में बढ़ोतरी

सीबीएसई के अनुसार डिजिटल जांच से फिजिकल कॉपियों की ढुलाई की जरूरत खत्म होगी, जिससे समय की बचत होगी और रिजल्ट जल्दी घोषित किए जा सकेंगे। साथ ही मानवीय गलतियों में कमी आएगी और पूरी प्रक्रिया रिकॉर्ड में रहने से पारदर्शिता भी बढ़ेगी।

क्रॉस-चेकिंग और मॉडरेशन होगी आसान

ऑन-स्क्रीन सिस्टम में क्रॉस-चेकिंग और मॉडरेशन की प्रक्रिया भी तेज होगी। जरूरत पड़ने पर किसी कॉपी की दोबारा जांच या दूसरे परीक्षक से मूल्यांकन तुरंत कराया जा सकेगा, जिससे अलग-अलग अंकों की समस्या कम होगी।

आगे 10वीं में भी लागू हो सकता है सिस्टम

सीबीएसई ने संकेत दिया है कि यदि कक्षा 12वीं में यह व्यवस्था सफल रहती है, तो भविष्य में इसे कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में भी लागू किया जा सकता है। यह कदम राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था को अधिक आधुनिक, निष्पक्ष और गुणवत्ता-पूर्ण बनाना है।

Share This Article