MLA Atin Ghosh:
कोलकाता,एजेंसियां। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के विधायक और कोलकाता नगर निगम के डिप्टी मेयर अतिन घोष के घर सीबीआई ने छापा मारा है। यह कार्रवाई आरजी कर मेडिकल कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार की जांच के सिलसिले में की गई है। अतिन घोष तत्कालीन रोगी कल्याण समिति के सदस्य थे और सीबीआई उनसे उस समय अस्पताल में हुए भ्रष्टाचार से जुड़ी जानकारी जुटाना चाहती है।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज का मामला:
पिछले साल अगस्त 2024 में आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक मेडिकल छात्रा के साथ बलात्कार और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया था। इस घटना में अस्पताल प्रशासन पर मामले को दबाने और छुपाने के गंभीर आरोप लगे थे। इसके बाद जांच शुरू हुई, जिसमें अस्पताल में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का भी पता चला। इस वजह से मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल संदीप घोष को उनके पद से हटा दिया गया।
मामले की शुरूआती:
मामले की शुरूआती जांच बंगाल पुलिस कर रही थी, लेकिन बाद में यह जांच सीबीआई को सौंप दी गई। सीबीआई इस मामले में गहराई से जांच कर रही है और इसी सिलसिले में डिप्टी मेयर अतिन घोष के घर छापा मारा गया। जांचकर्ताओं को यह पता लगाना है कि रोगी कल्याण समिति के सदस्य के तौर पर अतिन घोष की भूमिका क्या थी और अस्पताल में भ्रष्टाचार में उनकी संलिप्तता कितनी है।इस मामले में आरोपी संजय रॉय को सियालदह कोर्ट ने जनवरी 2025 में उम्रकैद की सजा सुनाई है।
हालांकि, सीबीआई ने आरोपी को फांसी की सजा देने के लिए कोलकाता हाईकोर्ट में अपील की है। आरोपी ने खुद को निर्दोष बताते हुए हाईकोर्ट में सजा को चुनौती दी है।इस जघन्य अपराध और भ्रष्टाचार के मामले ने चिकित्सा क्षेत्र और प्रशासन में व्यापक चर्चा छेड़ दी है। डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किए थे। फिलहाल, सीबीआई जांच जारी है और अतिन घोष से भी जल्द ही पूछताछ की जाएगी।
इसे भी पढ़ें
आरजी कर कॉलेज में महिला डॉक्टर की दुष्कर्म और हत्या मामले में सीबीआई करेगी नार्को टेस्ट


















