Budget Session 2026 India: बजट सत्र 2026 की शुरुआत: राष्ट्रपति मुर्मू ने संसद में रखा ‘विकसित भारत’ का रोडमैप

Juli Gupta
3 Min Read

Budget Session 2026 India:

नई दिल्ली, एजेंसियां। संसद का बजट सत्र 2026 बुधवार (28 जनवरी) को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। यह सत्र दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहला चरण 13 फरवरी तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 9 मार्च से 2 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें बजट पर विस्तृत चर्चा होगी। पहले चरण के दौरान आज आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया गया, वहीं 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण केंद्रीय बजट प्रस्तुत करेंगी।

अपने संबोधन में राष्ट्रपति मुर्मू ने सरकार के विकास एजेंडे को सामने रखते हुए कहा कि “खुशहाल किसान” विकसित भारत की पहली शर्त है। इसी सोच के तहत पीएम किसान सम्मान निधि योजना शुरू की गई, जिससे करोड़ों किसानों को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और सामाजिक न्याय को सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में बताया।

ग्रामीण विकास और सामाजिक न्याय पर जोर

राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार दलितों, वंचितों, पिछड़े वर्गों और जनजातियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण इलाकों में बुनियादी ढांचे और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए ‘विकसित भारत’ के तहत कई कानूनी और नीतिगत पहल की गई हैं। हालांकि इस दौरान कुछ मुद्दों पर विपक्ष ने हंगामा भी किया।

EU डील से मिलेगा आर्थिक लाभ

राष्ट्रपति मुर्मू ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे सेवा और विनिर्माण क्षेत्रों को नई गति मिलेगी। इस डील से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और भारतीय अर्थव्यवस्था को वैश्विक स्तर पर मजबूती मिलेगी।

भारत बना स्टार्टअप हब

राष्ट्रपति ने कहा कि एक दशक पहले जहां देश में करीब 500 स्टार्टअप थे, आज उनकी संख्या हजारों में पहुंच चुकी है। सरकार की विभिन्न योजनाओं और नीतियों ने स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत किया है। तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इनोवेशन के क्षेत्र में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है।

ग्लोबल साउथ में भारत की मजबूत भूमिका

अपने भाषण में राष्ट्रपति ने कहा कि भारत आज ग्लोबल साउथ की एक बड़ी आवाज बनकर उभरा है। BRICS, SCO और G20 जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत ने अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार जल्द ही ग्लोबल AI समिट आयोजित करने की तैयारी कर रही है।

राष्ट्रपति के संबोधन के साथ बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत हो गई है, जिस पर अब देश की नजरें आगामी बजट और उससे जुड़ी घोषणाओं पर टिकी हैं।

Share This Article