Budget 2026:
नई दिल्ली, एजेंसियां। केंद्रीय बजट 2026 पेश होने के एक दिन बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मिडिल क्लास को लेकर पूछा गया एक सवाल सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बन गया। सवाल के जवाब से ज्यादा वित्त मंत्री का रिएक्शन लोगों का ध्यान खींच रहा है, जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
सवाल मिडिल क्लास पर, जवाब एजुकेशन सेक्टर पर
1 फरवरी को बजट 2026 पेश होने के बाद वित्त मंत्रालय की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान एक पत्रकार ने सीधा सवाल किया कि “बजट 2026 में मिडिल क्लास के लिए क्या है?” इस सवाल पर वित्त मंत्री का जवाब स्पष्ट न होकर दूसरे विषय की ओर जाता नजर आया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मिडिल क्लास से जुड़े सवाल के जवाब में वह शिक्षा क्षेत्र की बात करने लगती हैं। यही कारण रहा कि सवाल और जवाब के बीच का अंतर लोगों को खटक गया और उनका रिएक्शन चर्चा में आ गया।
सोशल मीडिया पर तेज प्रतिक्रियाएं
ABP News द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने जमकर कमेंट किए। कई लोगों ने लिखा कि सवाल कुछ और था, लेकिन जवाब बिल्कुल अलग दिशा में चला गया। कुछ यूजर्स ने कहा कि हर बजट में मिडिल क्लास को सिर्फ “एडजस्ट” करने की सलाह दी जाती है, जबकि राहत की उम्मीद पूरी नहीं होती। वहीं कुछ ने सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी।
मिडिल क्लास की नाराजगी फिर आई सामने
बजट 2026 को लेकर सरकार जहां अपनी उपलब्धियों का बखान कर रही है, वहीं मिडिल क्लास एक बार फिर खुद को नजरअंदाज महसूस कर रहा है। टैक्स राहत, महंगाई और रोजमर्रा के खर्चों को लेकर मिडिल क्लास को इस बजट से बड़ी उम्मीदें थीं। ऐसे में प्रेस कॉन्फ्रेंस में वित्त मंत्री का यह वायरल रिएक्शन मिडिल क्लास की नाराजगी को और हवा देता नजर आ रहा है।
राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज
वायरल वीडियो के बाद बजट 2026 और मिडिल क्लास को लेकर राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज हो गई है। कई लोग इसे प्रतीकात्मक प्रतिक्रिया मान रहे हैं, तो कुछ इसे सरकार और मिडिल क्लास के बीच बढ़ती दूरी के तौर पर देख रहे हैं।












