Budget 2026: किसानों और पर्यटन को बढ़ावा, हिमाचल-उत्तराखंड-J&K को खास सौगात

3 Min Read

Budget 2026:

नई दिल्ली, एजेंसियां। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026 में किसानों की आय बढ़ाने और पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कई अहम घोषणाएं की हैं। खास तौर पर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर जैसे पर्वतीय राज्यों के लिए विशेष योजनाओं का ऐलान किया गया है। सरकार का कहना है कि इन कदमों से क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी और देश का विकास अधिक संतुलित व टिकाऊ बनेगा।

किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

बजट में तटीय और पहाड़ी इलाकों के किसानों को उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही गई है। तटीय क्षेत्रों में नारियल, काजू और कोको जैसी फसलों को बढ़ावा दिया जाएगा, जबकि पहाड़ी राज्यों में अखरोट और पाइन नट्स जैसी मेवों की खेती को प्रोत्साहन मिलेगा। सरकार का मानना है कि इन नकदी फसलों से किसानों की आमदनी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी और खेती ज्यादा लाभकारी बनेगी।

पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को मजबूती

पर्यटन क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी को अपग्रेड कर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटैलिटी की स्थापना की जाएगी। यह संस्थान शिक्षा, उद्योग और सरकार के सहयोग से हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में प्रशिक्षण और गुणवत्ता मानकों को बेहतर बनाएगा।

टूर गाइड्स और डिजिटल पहल

देश के 20 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर 10,000 टूर गाइड्स को प्रशिक्षित करने के लिए एक पायलट योजना शुरू की जाएगी। यह 12 सप्ताह का मानकीकृत प्रशिक्षण हाइब्रिड मोड में आईआईएम के सहयोग से दिया जाएगा। इसके साथ ही एक राष्ट्रीय डिजिटल डेस्टिनेशन नॉलेज ग्रिड तैयार की जाएगी, जिसमें देश के सभी सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और विरासत स्थलों का डिजिटल रिकॉर्ड होगा।

साहसिक और वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में टिकाऊ पर्वतीय ट्रेल्स विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा अराकू घाटी, पश्चिमी घाट, ओडिशा, कर्नाटक और केरल में भी इको-टूरिज्म और वन्यजीव पर्यटन से जुड़े ट्रेल्स बनाए जाएंगे।कुल मिलाकर, बजट 2026 में किसानों की आय बढ़ाने और पर्यटन को रोजगार व विकास का मजबूत आधार बनाने की स्पष्ट कोशिश नजर आती है।

Share This Article
Exit mobile version