Bride Run her wedding:
लखनऊ, एजेंसियां। उन्नाव जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जहां शादी समारोह के दौरान दूल्हे को वरमाला पहनाने के बाद दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। यह मामला पुरवा थाना क्षेत्र के एक गांव का है और शनिवार देर रात हुआ। अजयपुर गांव में बारात पहुंचने के बाद पारंपरिक रस्में पूरी की गईं। दूल्हा-दुल्हन ने वरमाला की रस्म भी निभाई। इसके बाद दुल्हन अपने कमरे में चली गई, जबकि बाकी लोग शादी की आगे की तैयारियों में लगे रहे। जब फेरे की तैयारी हुई और दुल्हन को बुलाने के लिए गए, तो वह कमरे से गायब मिली।
परिवारों ने तलाश की, लेकिन पता चला कि वह एक स्थानीय युवक के साथ चली गई है। दुल्हन के पिता ने उस युवक से फोन पर बात की, जिसके बाद दुल्हन ने स्वयं पिता से बात करते हुए प्रेमी के साथ रहने और उससे शादी करने की इच्छा जताई। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में कहासुनी हुई और दूल्हा पक्ष को बिना शादी के ही वापस लौटना पड़ा। दुल्हन के पिता ने प्रेमी के खिलाफ पुरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
