Border 2 Twitter Review: सनी देओल के डायलॉग्स ने रुलाया, थिएटर में गूंजे भारत माता के नारे

3 Min Read

Border 2 Twitter Review:

मुंबई, एजेंसियां। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार सनी देओल, अहान शेट्टी, वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बॉर्डर 2’ आज 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। पहले शो के साथ ही सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। देशभक्ति से भरी इस वॉर ड्रामा ने कई दर्शकों को भावुक कर दिया, वहीं कुछ लोगों ने फिल्म की कमियों की ओर भी इशारा किया।

सनी देओल की दमदार वापसी

फिल्म देखने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा सनी देओल की परफॉर्मेंस को लेकर हो रही है। कई दर्शकों ने दावा किया कि 68 साल की उम्र में भी सनी देओल हर फ्रेम में छाए हुए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और पोस्ट में लोग फूट-फूट कर रोते नजर आए। एक यूजर ने लिखा, “क्लाइमेक्स रोंगटे खड़े कर देता है, थिएटर तालियों और नारों से गूंज उठा।”

देशभक्ति और इमोशन का जोर

फैंस का कहना है कि ‘बॉर्डर 2’ सैनिकों के जज्बे और बलिदान को सलाम करती है। कई नेटिजन्स ने इसे “पावरफुल, देशभक्ति से भरपूर और गर्व महसूस कराने वाली फिल्म” बताया। गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज होने के चलते भी फिल्म को खास रिस्पॉन्स मिल रहा है।

मीम्स और पाकिस्तान पर तंज

फिल्म की रिलीज के साथ ही सोशल मीडिया पर मीम्स की भी बाढ़ आ गई है। कुछ मीम्स में सनी देओल को अकेले पाकिस्तान पर भारी दिखाया गया है, तो कुछ में पाकिस्तान को लेकर व्यंग्य किया गया है। ये मीम्स तेजी से वायरल हो रहे हैं।

क्रिटिक्स की राय: एवरेज फिल्म

जहां दर्शकों का एक बड़ा वर्ग फिल्म को सुपरहिट बता रहा है, वहीं क्रिटिक्स ने इसे एवरेज करार दिया है। कुछ रिव्यूज में खराब वीएफएक्स, ग्रीन स्क्रीन और लाउड इमोशंस की आलोचना की गई है। उनका मानना है कि फिल्म ओरिजिनल ‘बॉर्डर’ जैसा गहरा असर नहीं छोड़ पाती।

बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदें

मिश्रित रिव्यू के बावजूद सोशल मीडिया बज को देखकर माना जा रहा है कि ‘बॉर्डर 2’ की ओपनिंग मजबूत रहेगी। अब आने वाले दिनों में वर्ड ऑफ माउथ और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन तय करेगा कि यह फिल्म वाकई “छप्परफाड़” हिट साबित होती है या नहीं।

Share This Article