Sridevi:
मुंबई, एजेंसियां। 13 अगस्त को बॉलीवुड की पहली फीमेल सुपरस्टार श्रीदेवी की 62वीं जयंती मनाई गई। इस खास मौके पर उनके पति और फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर उन्हें याद किया। उन्होंने श्रीदेवी को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “हां, आप 62 की नहीं हुई हो, आप 26 की हो गई हो। हैप्पी बर्थडे। हम आज भी आपके सारे बर्थडे जी रहे हैं।” इस पोस्ट के साथ उन्होंने श्रीदेवी की ‘इंग्लिश-विंग्लिश’ के समय की एक खूबसूरत तस्वीर भी शेयर की।
1990 की एक खास याद साझा की
एक अन्य पोस्ट में बोनी कपूर ने 1990 की एक खास याद साझा की जब चेन्नई में श्रीदेवी का जन्मदिन मनाया गया था। उन्होंने बताया कि उस समय श्रीदेवी 27 साल की हो चुकी थीं, लेकिन उन्होंने उन्हें 26वां बर्थडे विश किया ताकि वो खुद को और भी ज्यादा यंग महसूस करें। बोनी ने लिखा, “यह मेरी तारीफ थी, क्योंकि हर गुजरते दिन के साथ वो और भी जवान होती जा रही थीं। हालांकि, उन्हें लगा मैं उन्हें चिढ़ा रहा हूं।” इस पोस्ट के साथ उन्होंने एक दुर्लभ फोटो भी शेयर की जिसमें श्रीदेवी बोनी कपूर से हंसते हुए बात कर रही हैं।
श्रीदेवी और बोनी कपूर की शादी
श्रीदेवी और बोनी कपूर की शादी 1996 में हुई थी, जिसे पहले कुछ महीनों तक गुप्त रखा गया था। जनवरी 1997 में दोनों ने सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते की घोषणा की। उनके दो बेटियां हैं, जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर, जो अब फिल्म इंडस्ट्री में अपने पैर जमा रही हैं।श्रीदेवी का निधन फरवरी 2018 में दुबई में हुआ था, लेकिन उनकी यादें आज भी लाखों दिलों में जीवित हैं। बोनी कपूर का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैन्स एक बार फिर श्रीदेवी को याद कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें








