Delhi schools bomb threats: दिल्ली के 11 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, अफजल गुरु का नाम लेकर भेजे गए ईमेल

2 Min Read

Delhi schools bomb threats

नई दिल्ली, एजेंसियां। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 11 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। इन धमकी भरे ईमेल और कॉल में संसद हमले के दोषी आतंकवादी अफजल गुरु का नाम भी लिया गया है। इनमें दक्षिणी दिल्ली के तीन स्कूल शामिल हैं।

धमकी की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और बम निरोधक दस्ते को तुरंत अलर्ट किया गया। संबंधित स्कूलों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और परिसरों की गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार

दिल्ली पुलिस के अनुसार, कुल नौ स्कूलों में फोन कॉल के जरिए और अन्य स्कूलों में ईमेल के माध्यम से धमकी दी गई है। ये कॉल सुबह 8:30 से 9:00 बजे के बीच प्राप्त हुए। फिलहाल किसी भी स्कूल से संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

जिन स्कूलों को मिली धमकी:

लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल, दिल्ली कैंट
केम्ब्रिज स्कूल, श्रीनिवासनपुरी
केम्ब्रिज स्कूल, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी (NFC)
वेंकटेश्वर स्कूल, रोहिणी
द इंडियन स्कूल, सादिक नगर
सीएम स्कूल, रोहिणी
डीटीए स्कूल, आईएनए
बाल भारती स्कूल, रोहिणी
एयर फोर्स स्कूल, लोदी रोड
केआर मंगलम स्कूल
इंडियन स्कूल

सभी स्कूल परिसरों की सुरक्षा जांच जारी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी स्कूल परिसरों की सुरक्षा जांच जारी है और धमकी देने वाले की पहचान व लोकेशन का पता लगाने के लिए साइबर और तकनीकी जांच की जा रही है।

आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

दिल्ली पुलिस ने अभिभावकों और आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि स्थिति पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

Share This Article