हिमाचल प्रदेश: पीएम मोदी के दौरे के दौरान मंडी अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी

2 Min Read

Bomb threat to Mandi:

शिमला, एजेंसियां। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नेरचौक को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज्य दौरे के दौरान मिली है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। एहतियात के तौर पर पूरे अस्पताल परिसर को खाली कर दिया गया है और मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है।

ई-मेल के जरिये मिली धमकी

बता दें मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को एक ई-मेल धमकी मिली थी, जिसमें पूरे अस्पताल परिसर को उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। सुबह धमकी मिलने के बाद, अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पूरा परिसर खाली करवा लिया, और सभी मरीजों को अस्पताल भवन से बाहर निकाल लिया गया। मरीजों को स्ट्रेचर और व्हील चेयर पर बाहर पेड़ की छांव में बैठाया गया। दमकल विभाग के साथ-साथ क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल परिसर की गहन तलाशी शुरू की। अस्पताल की पार्किंग में खड़े सभी वाहनों को बाहर निकाल दिया गया है। पुलिस और स्निफर डॉग की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

पीएम मोदी का हिमाचल प्रदेश दौरा

यह धमकी पीएम मोदी के हिमाचल प्रदेश दौरे के दौरान मिली, जिससे पूरे राज्य में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्राचार्य को मिली ई-मेल में अस्पताल में आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) लगाए जाने की चेतावनी दी गई थी। अब तक कोई बम या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है, लेकिन अस्पताल प्रशासन स्थिति पर कड़ी निगरानी रखे हुए है। तलाशी अभियान जारी है और अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

इसे भी पढ़ें

राम मंदिर पर हमले की साजिश को STF ने किया नाकाम, ISI का एजेंट गिरफ्तार

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं