SIR Row: कांग्रेस और केजरीवाल पर भाजपा का आरोप – ‘घुसपैठियों को बनाया वोटर’

2 Min Read

SIR Row:

नई दिल्ली, एजेंसियां। निर्वाचन आयोग द्वारा देशभर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया शुरू करने से पहले दिल्ली में सियासत गरमा गई है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों दलों ने चुनावी लाभ के लिए अवैध घुसपैठियों को मतदाता सूची में शामिल कराया।

SIR Row: भाजपा का आरोप

सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने मुफ्त योजनाओं और वादों के जरिए बाहरी लोगों को दिल्ली में आकर्षित कर वोटर बनाया। भाजपा के अनुसार, पिछले विधानसभा चुनावों में एक ही पते पर 60 से 100 वोट पंजीकृत किए गए थे। पार्टी का आरोप है कि नकली घर नंबर डालकर अल्पसंख्यक वर्ग के फर्जी वोट बनवाए गए।

SIR Row: वोटर लिस्ट में असामान्य बढ़ोतरी

भाजपा ने दावा किया कि 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद 2015 में दिल्ली विधानसभा चुनाव में अचानक 13 लाख नए वोट जुड़ गए थे। इसी तरह 2020 के चुनाव से पहले भी 8 लाख से अधिक वोट बढ़े। भाजपा का कहना है कि इनमें बड़ी संख्या में घुसपैठियों और गैर-नागरिकों को मतदाता बनाया गया।

SIR Row: विपक्ष का विरोध

भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल SIR प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं ताकि फर्जी मतदाताओं की पहचान न हो सके। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने भी बिहार में इसी मुद्दे को उठाया था।

SIR Row: आगे की प्रक्रिया

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि 2002 की मतदाता सूची को आधार मानकर पुनरीक्षण होगा। जिन लोगों के नाम उस सूची में हैं, उन्हें सिर्फ एन्यूमरेशन फॉर्म भरना होगा। बाकी मतदाताओं को माता-पिता की वोटर आईडी या अन्य दस्तावेज देने होंगे।

भाजपा का कहना है कि यह प्रक्रिया दिल्ली की वोटर लिस्ट को पारदर्शी बनाएगी और फर्जी मतदाताओं को हटाने में मदद करेगी।

इसे भी पढ़ें

SIR in Bengal: बंगाल में SIR की तैयारी, ममता के विरोध के बीच शुरू हुआ ट्रेनिंग सत्र


Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं