भुवनेश्वर के नाइट क्लब में भीषण आग: गोवा हादसे के बाद बड़ा हादसा, क्षेत्र में फैल गया घना धुआं

2 Min Read

Huge fire Bhubaneswar

भुवनेश्वर, एजेंसियां। भुवनेश्वर के सत्य विहार इलाके में शुक्रवार (12 दिसंबर 2025) को एक नाइट क्लब में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। सुबह आग लगने के तुरंत बाद नाइट क्लब की इमारत से उठते धुएं के बड़े गुबार ने पूरे क्षेत्र को ढक लिया। घटना का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन आग की तीव्रता ने कुछ ही मिनटों में स्थानीय बाजार क्षेत्र को प्रभावित कर दिया।

कैसे लगी आग?

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि नाइट क्लब के साथ-साथ बगल में स्थित एक फर्नीचर की दुकान भी इसकी चपेट में आ गई। दुकान में लकड़ी और स्पॉन्ज जैसे अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे नुकसान का दायरा और बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही हवा की दिशा बदलने से धुआं पूरे बाजार में फैल गया, जिसके कारण मौके पर दृश्यता बेहद कम हो गई और लोग दहशत में बाहर निकलने लगे।

दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और फायर ब्रिगेड की टीमों ने आग को नियंत्रित करने के लिए तुरंत अभियान शुरू किया। अग्निशमन कर्मियों ने आग को आसपास की अन्य दुकानों और रिहायशी क्षेत्रों में फैलने से रोकने के लिए कड़ी मशक्कत की। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हानि या घायल होने की जानकारी नहीं मिली है।

यह घटना हाल ही में गोवा के बड़े नाइट क्लब में लगी आग के बाद हुई है, जिसमें 25 लोगों की जान गई थी। उस हादसे के बाद ओडिशा अग्निशमन और आपातकालीन सेवा (OFES) ने 100 से अधिक सीटिंग क्षमता वाले रेस्तरां और अन्य प्रतिष्ठानों का राज्यभर में सुरक्षा ऑडिट करने का आदेश दिया था।भुवनेश्वर की इस घटना ने फिर एक बार नाइट लाइफ प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आग पर काबू पाने और नुकसान के आकलन का काम अभी जारी है।

Share This Article