Bus fire in Bengaluru: बेंगलुरु में प्राइवेट बस में भीषण आग, सभी यात्री सुरक्षित

2 Min Read

Bus fire in Bengaluru

बैंगलोर, एजेंसियां। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस में अचानक भीषण आग लग गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 30 यात्री समय रहते बाहर निकल गए और उनकी जान बच गई। हालांकि आग की वजह से यात्रियों का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।यह घटना बेंगलुरु रूरल जिले के नेलमंगला तालुक में हनुमंतपुरा गेट के पास देर रात करीब 1:30 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु से कलबुर्गी जा रही एक प्राइवेट बस अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क से उतरकर किनारे बने नाले की ओर झुक गई।

आग तेजी से फैलने लगी

बताया जा रहा है कि बस झुकी हुई स्थिति में ऊपर से गुजर रही बिजली की तार के संपर्क में आ गई, जिससे बस में आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, लेकिन चालक और यात्रियों की सतर्कता के कारण सभी लोग तुरंत बस से बाहर निकल गए। कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।घटना की सूचना मिलते ही नेलमंगला फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

आग लगने का क्या है कारण?

बताया जा रहा है कि बस “संजना टूरिस्ट” नाम की ट्रैवल कंपनी की थी। पुलिस ने इस घटना को लेकर नेलमंगला ग्रामीण पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन संचालन में सावधानी की आवश्यकता को उजागर किया है।

Share This Article