Battle of Galwan trolling:
मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ को लेकर सुर्खियों में हैं। 17 अप्रैल को रिलीज होने जा रही इस फिल्म का टीजर और पहला गाना ‘मातृभूमि’ सामने आ चुका है। जहां एक ओर टीजर को जबरदस्त व्यूज मिले, वहीं एक सीन में सलमान खान के एक्सप्रेशन को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल भी किया गया। ट्रोलर्स ने उनके “रोमांटिक लुक” पर सवाल उठाए। अब इस पर सलमान खान ने बेहद दिलचस्प अंदाज में जवाब दिया है।
ISPL मैच में बल्ला उठाकर दिया जवाब
दरअसल, ISPL T10 लीग के तीसरे सीजन के दौरान सलमान खान अपनी टीम दिल्ली सुपरहीरोज को सपोर्ट करने स्टेडियम पहुंचे थे। इस दौरान पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ से बातचीत करते हुए उन्होंने ट्रोलिंग पर प्रतिक्रिया दी। कैफ ने मजाकिया अंदाज में कहा कि जिस तरह टीजर में लकड़ी पकड़ी है, उसी तरह बैट पकड़कर दिखाइए। इसके बाद सलमान खान ने बल्ला उठाया और उसी पोज में खड़े होकर ट्रोलर्स को जवाब दे दिया।
‘कर्नल का लुक है, रोमांस नहीं’
सलमान खान ने कहा, “पहले ऐसे, फिर यूं देखा हूं। किसी को लगता है ये रोमांटिक लुक है, लेकिन मैं कर्नल हूं भईया। ये कर्नल का लुक है, जो अपनी टीम और जवानों का हौसला बढ़ाता है। समझने वालों को इसका मतलब समझ आता है।” उनके इस बयान पर स्टेडियम में मौजूद लोग तालियां बजाने लगे।
फिल्म से सलमान को बड़ी उम्मीदें
‘बैटल ऑफ गलवान’ को अपूर्व लाखिया ने डायरेक्ट किया है और इसमें सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह नजर आएंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का कुछ हिस्सा दोबारा शूट किया जा रहा है ताकि कहानी को और मजबूत बनाया जा सके। टीजर को अब तक यूट्यूब पर 23 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।







