Bangladesh India visa ban: बांग्लादेश ने भारत में वीजा सर्विस रोकी, भारत पहले ही रोक चुका

2 Min Read

Bangladesh India visa ban

नई दिल्ली/ढाका, एजेंसियां। बांग्लादेश हाई कमीशन ने भारत में सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने सभी वीजा और काउंसलर सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह रोक अगले आदेश तक लागू रहेगी। इससे पहले अगरतला में बांग्लादेश कॉन्सुलेट भी वीजा सर्विस पर रोक लगा चुका है। यह फैसला शनिवार को हाई कमीशन के बाहर हुए प्रदर्शन के बाद लिया गया।

हत्या के आरोपी के भारत भागने की बात कही

दूसरी तरफ बांग्लादेश के गृह मंत्रालय ने भी यह साफ किया कि इस बात की कोई पुख्ता जानकारी नहीं है कि छात्र नेता उस्मान हादी की हत्या के आरोपी ने भारत में शरण ली है।

गृह मंत्रालय के IG रफीकुल इस्लाम ने बताया कि मुख्य आरोपी फैसल करीम मसूद के ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं है। हादी की मौत के बाद आरोपी के भारत में शरण लेने का दावा किया जा रहा था।

भारत ने भी चटगांव में वीजा सर्विस रोकी

इससे पहले ही रविवार को भारत ने सुरक्षा हालात को देखते हुए चटगांव स्थित अपने असिस्टेंट हाई कमीशन में वीजा सर्विसेज को बंद कर दिया था। यह फैसला भारत विरोधी प्रदर्शनों के बाद लिया गया था।

चटगांव में भीड़ ने गुरुवार को भारतीय असिस्टेंट हाई कमिश्नर के आवास के पास पहुंच गई और पथराव भी किया। इसके अलावा खुलना, राजशाही और ढाका में भी भारतीय दफ्तरों के बाहर बड़े पैमाने पर भारत विरोधी नारे लगाए गए थे।

2 दिन पहले बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर प्रदर्शन हुआ

बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या के विरोध में शनिवार रात को दिल्ली में बांग्लादेश हाई-कमीशन के बाहर प्रदर्शन हुआ था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साफ किया कि यह प्रदर्शन बेहद छोटा और शांतिपूर्ण था। इससे बांग्लादेश उच्चायोग की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं था।

Share This Article