Badrinath temple snow cover:
नई दिल्ली, एजेंसियां। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी जारी है। उत्तराखंड के चमोली में स्थित बद्रीनाथ धाम में नवंबर की पहली बर्फबारी हुई। इसके बाद पूरा मंदिर परिसर बर्फ की सफेद चादर से ढंक गया। यहां का तापमान माइनस 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
शेषनेत्र झील जमीः
चमोली जिले की ही शेषनेत्र झील भी जम गई है। वहीं 14500 फीट की ऊंचाई पर स्थित पिथौरागढ़ का आदि कैलाश इलाके में भी बर्फबारी हुई है। इससे इलाके की सभी झीलें जम गई हैं। इलाके की सुंदरता को देखने पर्यटक भी पहुंच रहे हैं।
राजस्थान में सर्दी से राहतः
इधर, राजस्थान में सप्ताह भर बाद सर्दी से राहत मिली है, शुक्रवार को न्यूनतम तापमान भी 1 डिग्री तक बढ़कर कई शहरों में सिंगल से डबल डिजिट में आ गया। अगले 2 सप्ताह तक तापमान में गिरावट नहीं होगी। हालांकि, उत्तरी-पश्चिमी हवा से धुंध (स्मॉग) छानी शुरू हो गई है। इससे दिन में धूप अन्य दिनों के मुकाबले कमजोर रही है।
एमपी में 2 लोगों की मौतः
मध्य प्रदेश में बीते दो दिन में सर्दी से 2 लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार को भोपाल, इंदौर समेत 7 जिलों में शीतलहर चली। पचमढ़ी में पहली बार पारा 5.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। नर्मदापुरम में विजिबिलिटी 500 मीटर दर्ज की गई।






