Cancer Treatment:
नई दिल्ली, एजेंसियां। कैंसर के इलाज को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाने की दिशा में भारत में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। फार्मास्युटिकल कंपनी एस्ट्राजेनेका फार्मा इंडिया लिमिटेड को कैंसर की दवा ‘इम्फिंजी’ (Imfinzi) को बाजार में उपलब्ध कराने के लिए भारतीय ड्रग रेगुलेटर से मंजूरी मिल गई है। कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी साझा की।
ग्लोबोकॉन-2022 के आंकड़ों के अनुसार
कैंसर आज वैश्विक स्तर पर तेजी से फैलने वाली गंभीर बीमारी बन चुकी है। ग्लोबोकॉन-2022 के आंकड़ों के अनुसार भारत में लगभग 14 लाख नए कैंसर के मामले सामने आए और करीब 9.16 लाख लोगों की मौत इस बीमारी से हुई। ऐसे में नई दवाओं की उपलब्धता को मरीजों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।
कंपनी के बयान के मुताबिक
कंपनी के बयान के मुताबिक, सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन (CDSCO) ने डर्वालुमैब सॉल्यूशन को अतिरिक्त उपयोग (एडिशनल इंडिकेशन) के लिए मंजूरी दी है। यह दवा 120 mg/2.4 ml और 500 mg/10 ml इन्फ्यूजन डोज में उपलब्ध होगी। इसे कार्बोप्लाटिन और पैक्लिटैक्सेल जैसी दवाओं के साथ मिलाकर उन मरीजों के इलाज में इस्तेमाल किया जाएगा, जिन्हें प्राइमरी एडवांस्ड या बार-बार होने वाला एंडोमेट्रियल कैंसर है।
एंडोमेट्रियल कैंसर क्या है?
एंडोमेट्रियल कैंसर महिलाओं में होने वाले सबसे आम स्त्री-रोग संबंधी कैंसरों में से एक है, जो आमतौर पर मेनोपॉज के बाद गर्भाशय की आंतरिक परत में विकसित होता है। इसका प्रमुख लक्षण असामान्य योनि रक्तस्राव माना जाता है।इससे पहले जनवरी 2026 में जाइडस लाइफसाइंसेज ने भी भारत में कैंसर उपचार के लिए ‘तिष्ठा’ नाम से निवोलुमैब का बायोसिमिलर लॉन्च किया था, जो अपेक्षाकृत कम कीमत पर उपलब्ध कराया गया।विशेषज्ञों का मानना है कि नई दवाओं की मंजूरी और किफायती उपचार विकल्पों से भारत में कैंसर मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा और उपचार की पहुंच भी बढ़ेगी।

















