Anushka Sharma and Virat Kohli: बेटे अकाय के जन्मदिन पर प्रेमानंद महाराज के दरबार पहुंचे अनुष्का-विराट

3 Min Read

Anushka Sharma and Virat Kohli:

लखनऊ, एजेंसियां। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा एक बार फिर अपने आध्यात्मिक दौरे को लेकर चर्चा में हैं। बेटे अकाय के जन्मदिन के अवसर पर यह दंपति वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचा, जहां उन्होंने आशीर्वाद लिया और कीर्तन में भाग लिया।

सादगी भरे अंदाज में दिखे दोनों

सोमवार सुबह दोनों को सादे पारंपरिक वस्त्रों में देखा गया। विराट के माथे पर चंदन और गले में कंठी माला थी, वहीं अनुष्का भी बेहद सादगीपूर्ण अंदाज में नजर आईं। आश्रम में उनकी यह यात्रा निजी रखी गई थी, लेकिन कीर्तन के दौरान की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई, जो तेजी से वायरल हो रही है।बताया जा रहा है कि यह यात्रा बेटे अकाय के जन्मदिन (15 फरवरी) के आसपास हुई। इससे पहले दोनों को मुंबई एयरपोर्ट पर दिल्ली के लिए रवाना होते भी देखा गया था।

पहले भी कर चुके हैं दर्शन

यह पहली बार नहीं है जब यह जोड़ी प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंची हो। पिछले वर्ष दिसंबर में भी दोनों ने वृंदावन में संत से मुलाकात की थी। उस दौरान साझा किए गए वीडियो में दोनों गहन आध्यात्मिक चर्चा करते नजर आए थे।प्रेमानंद महाराज ने उन्हें अपने कर्म को ईश्वर सेवा मानने, विनम्रता और भक्ति के साथ जीवन जीने तथा भगवान के नाम का जप करने की सलाह दी थी। उस संवाद को फैंस ने काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी थी।

अलीबाग में करोड़ों की संपत्ति भी चर्चा में

आध्यात्मिक यात्राओं के अलावा हाल ही में यह दंपति अपने अचल संपत्ति निवेश को लेकर भी खबरों में रहा। रिपोर्ट्स के अनुसार, विराट और अनुष्का ने अलीबाग में 37.86 करोड़ रुपये में पांच एकड़ से अधिक भूमि खरीदी है। यह संपत्ति रायगढ़ जिले के जिराड गांव में स्थित है। पिछले कुछ वर्षों में यह उनका दूसरा बड़ा निवेश है, जिससे मुंबई के पास उनका प्रॉपर्टी पोर्टफोलियो मजबूत हुआ है।

निजी जीवन और आध्यात्मिक झुकाव

विराट और अनुष्का का विवाह 11 दिसंबर 2017 को इटली के टस्कनी में हुआ था। दोनों बेटी वामिका और बेटे अकाय के माता-पिता हैं। व्यस्त पेशेवर जीवन के बावजूद यह जोड़ी समय-समय पर आध्यात्मिक स्थलों का रुख करती है।उनके ये दौरे दर्शाते हैं कि लोकप्रियता और सफलता के बीच भी वे सादगी और आध्यात्मिक मूल्यों को महत्व देते हैं।

Share This Article