Yogi government’s Diwali gift:
लखनऊ, एजेंसियां। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने दीपावली 2025 के मौके पर प्रदेश के 28 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी खुशखबरी दी है। मुख्यमंत्री ने महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) की दरों में 3 प्रतिशत की वृद्धि का फैसला किया है। अब सभी पात्र कर्मचारियों और पेंशनरों को 55 प्रतिशत की बजाय 58 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता और राहत का लाभ मिलेगा।
इस निर्णय का लाभ 16.35 लाख कर्मचारियों और 11.52 लाख पेंशनरों व पारिवारिक पेंशनरों को मिलेगा। इसमें सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित व पूर्णकालिक कर्मचारी, कार्यप्रभारित कर्मचारी और यूजीसी वेतनमान के कर्मचारी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह कदम कर्मचारियों और पेंशनरों के प्रति संवेदना और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दीपावली का यह उपहार सभी के जीवन में नई ऊर्जा, प्रसन्नता और समृद्धि लेकर आएगा।
योगी सरकार ने निर्देश दिया
योगी सरकार ने निर्देश दिया है कि बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता और राहत अक्टूबर 2025 से नकद भुगतान के रूप में किया जाएगा। इस निर्णय से मार्च 2026 तक राज्य सरकार पर कुल ₹1960 करोड़ का अतिरिक्त व्यय भार आएगा। नवंबर 2025 में अक्टूबर से सितम्बर तक के एरियर्स का भुगतान किया जाएगा, जिससे ₹795 करोड़ का अतिरिक्त नकद व्यय आएगा। इसके अतिरिक्त, ओपीएस से आच्छादित कर्मचारियों के जीपीएफ में ₹185 करोड़ जमा होंगे और दिसंबर 2025 से प्रत्येक माह ₹245 करोड़ का अतिरिक्त व्यय भार लगेगा।
इस बढ़ोतरी से कर्मचारियों और पेंशनरों की आमदनी में सुधार होगा और महंगाई के प्रभाव से राहत मिलेगी। यह कदम राज्य सरकार की सामाजिक और वित्तीय प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो कर्मचारियों और पेंशनर्स के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में उठाया गया है।
इसे भी पढ़ें
Yogi government: योगी सरकार की बड़ी पहल: 44,000 से अधिक पदों पर होमगार्ड भर्ती शुरू








