Amit Shah attack Mamata Banerjee: अमित शाह ने ममता सरकार पर हमला बोला: बंगाल में ‘मां, माटी, मानुष’ की सुरक्षा खतरे में

3 Min Read

Amit Shah attack Mamata Banerjee:

कोलकाता ,एजेंसियां। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर जोरदार हमला बोला है। उत्तर 24 परगना में बीजेपी कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि जिस “मां, माटी, मानुष” के नारे के साथ ममता बनर्जी सत्ता में आई थीं, आज वही बंगाल में असुरक्षित हो गए हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाला विधानसभा चुनाव बदलाव का चुनाव होगा और जनता TMC को सत्ता से बाहर करेगी।

अमित शाह ने TMC पर लगाया आरोप

अमित शाह ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि “मां असुरक्षित हैं, मानुष सिंडिकेट और जबरन वसूली से परेशान है, और माटी को घुसपैठियों ने निगल लिया है।” उन्होंने कहा कि TMC की वोट बैंक की राजनीति ने बंगाल को असुरक्षा की ओर धकेल दिया है।

राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा उठाया

राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए शाह ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ बंगाल के भविष्य का नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा से जुड़ा है। सीमा पर घुसपैठ रोकने में राज्य सरकार की विफलता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस घुसपैठ को रोकने में नाकाम रही है। उन्होंने कलकत्ता हाई कोर्ट का धन्यवाद करते हुए कहा कि कोर्ट ने 31 मार्च 2026 तक BSF को जमीन देने का निर्देश दिया है।

वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर बोलते हुए अमित शाह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी और TMC तुष्टीकरण की राजनीति के चलते वंदे मातरम का विरोध कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह पीएम मोदी का नहीं, बल्कि बंगाल की पहचान और भारत के गौरव का अपमान है।

रामायण का दिया उदाहरण

रामायण का उदाहरण देते हुए शाह ने दावा किया कि बीजेपी को इस बार 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट मिलेंगे और पार्टी भारी बहुमत से पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि बंगाल की पहचान बचाने के लिए देशभक्तों की सरकार बनाई जाए।

Share This Article