Akshardham Julian Hill: दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर पहुंचे जूलियन हिल, संतों से लिया आशीर्वाद

2 Min Read

Akshardham Julian Hill

नई दिल्ली, एजेंसियां। भारत दौरे पर आए ऑस्ट्रेलिया के अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा मंत्री जूलियन हिल ने गुरुवार को दिल्ली के प्रसिद्ध स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर परिसर की आध्यात्मिक और वास्तुशिल्पीय सुंदरता की प्रशंसा की और वहां उपस्थित संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके साथ ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस विशेष यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं।

ग्रीन ने पोस्ट में लिखा कि असिस्टेंट मिनिस्टर हिल ने अक्षरधाम मंदिर की “शांत और भव्य सुंदरता” का अनुभव किया और GM स्वामी से भी मुलाकात की। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदू धर्म दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक ‘लिविंग ब्रिज’ का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को मजबूत करता है।

BAPS द्वारा संचालित विश्वप्रसिद्ध मंदिर

अक्षरधाम मंदिर का निर्माण और संचालन BAPS (बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था) द्वारा किया जाता है। यह सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में अपनी भव्यता, आध्यात्मिक आकर्षण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए प्रसिद्ध है। BAPS के अमेरिका, दुबई और यूरोप सहित कई देशों में भव्य मंदिर मौजूद हैं, जहां प्रतिदिन लाखों भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंत्री हिल ने मंदिर के शिल्प, आध्यात्मिक वातावरण और सांस्कृतिक गहराई की सराहना करते हुए इसे “अद्भुत अनुभव” बताया।

भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को मजबूत करने पर फोकस

अक्षरधाम के दर्शन के साथ ही जूलियन हिल ने इंडिया-ऑस्ट्रेलिया बिजनेस समिट 2025 में भी हिस्सा लिया, जहां दोनों देशों की साझा रणनीतिक प्राथमिकताओं और आर्थिक साझेदारी पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने एक भरे हुए हॉल को संबोधित करते हुए शिक्षा, कौशल विकास और तकनीकी सहयोग में बढ़ती संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

जूलियन हिल की भारत यात्रा केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है। वे अब तक गुरुग्राम, दिल्ली और हैदराबाद का दौरा कर चुके हैं, जहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण बैठकों और समझौतों में भाग लिया। आगे वे भारत के अन्य प्रमुख शहरों में भी विज़िट करेंगे, जिससे दोनों देशों के बीच शैक्षिक और सांस्कृतिक सहयोग और मजबूत होने की उम्मीद है।

Share This Article