Devotees die in pond accident MP:
खंडवा, एजेंसियां। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पंधाना क्षेत्र के अर्दला गांव में कच्चे पुल पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक तालाब में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें 8 मासूम बच्चियां भी शामिल हैं। तीन लोग गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। हादसे के बाद से पूरे इलाके में मातम छा गया है।
कैसे हुआ हादसाः
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गांव के लोग प्रतिमा विसर्जन के लिए तालाब की ओर जा रहे थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे ही तालाब किनारे कच्चे रास्ते से नीचे उतरी, अचानक असंतुलित होकर पलट गई और उसमें बैठे सभी लोग पानी में गिर गए। मौके पर मौजूद करीब 10-15 लोग उन्हें बचाने के लिए तालाब में कूद पड़े, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण कई लोग बाहर नहीं निकल पाए।
रेस्क्यू जारीः
सूचना मिलते ही पंधाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जेसीबी और नावों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अब तक 11 शव बाहर निकाले जा चुके हैं। फिलहाल एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीमों ने तालाब में सर्च ऑपरेशन जारी रखा है।
इसे भी पढ़ें
Durga Puja Visarjan: DJ साउंड गाड़ी जब्त, मूर्ति विसर्जन बाधित








