Nagpur T20 Match:
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज (21 जनवरी) नागपुर के वीसीए स्टेडियम में खेले जाने वाले पहले टी20 मुकाबले में युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा। इस मैच में अभिषेक अपने गुरु और पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह को पीछे छोड़ते हुए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में नए ‘सिक्सर किंग’ बनने की ओर एक कदम और बढ़ा सकते हैं।
यह भारत की आखिरी टी20 सीरीज मानी जा रही है
टी20 वर्ल्ड कप से पहले यह भारत की आखिरी टी20 सीरीज मानी जा रही है, ऐसे में टीम मैनेजमेंट और फैंस की नजरें खासतौर पर अभिषेक शर्मा पर टिकी होंगी। आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले अभिषेक पहली गेंद से ही बड़े शॉट खेलने की काबिलियत रखते हैं और कम समय में उन्होंने खुद को एक खतरनाक टी20 बल्लेबाज के रूप में स्थापित किया है।
अभिषेक शर्मा फिलहाल टी20 इंटरनेशनल में 33 मैचों में 73 छक्के लगा चुके हैं। वहीं युवराज सिंह ने अपने करियर में 58 मैचों में कुल 74 छक्के जड़े थे। यानी अभिषेक को इस रिकॉर्ड लिस्ट में युवराज से आगे निकलने के लिए सिर्फ दो छक्कों की जरूरत है। अगर वह ऐसा कर लेते हैं, तो वह भारतीय खिलाड़ियों की सूची में छठे स्थान पर पहुंच जाएंगे।टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में रोहित शर्मा 205 छक्कों के साथ टॉप पर हैं। उनके बाद सूर्यकुमार यादव (155), विराट कोहली (124), हार्दिक पांड्या (106), केएल राहुल (99), युवराज सिंह (74) और अभिषेक शर्मा (73) का नाम आता है।
भारत बनाम न्यूजीलैंड
भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला टी20 मुकाबला आज शाम 7 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। इस मुकाबले का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा और जियोहॉटस्टार ऐप व वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग देखी जा सकेगी। क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि अभिषेक शर्मा आज अपने बल्ले से इतिहास रचेंगे।







