Abdul Rehman
फरीदाबाद, एजेंसियां। हरियाणा की फरीदाबाद स्थित नीमका जेल में सोमवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। जेल में बंद संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान की नुकीले हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। आरोप है कि यह हमला साथी बंदी अरुण चौधरी ने देर रात करीब 2 बजे किया।
राम मंदिर को बम से उड़ाने की साजिश में शामिल था अब्दुल रहमान
जानकारी के अनुसार, अब्दुल रहमान राम मंदिर को बम से उड़ाने की साजिश में शामिल था। वह जम्मू-कश्मीर के कठुआ का रहने वाला था और 2 मार्च 2025 को गुजरात एटीएस और हरियाणा एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद से वह फरीदाबाद की नीमका जेल में बंद था।
आरोपी अरुण चौधरी भी आतंकी गतिविधियों के मामलों में गिरफ्तार किया गया था और उसे अक्तूबर 2024 में नीमका जेल शिफ्ट किया गया था। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
हत्या का कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल हत्या के कारण स्पष्ट नहीं हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह वारदात आतंकी नेटवर्क से जुड़ी साजिश का हिस्सा थी या आपसी रंजिश का नतीजा। इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

















