A320 maintenance impact flights: A320 एयरबस अपग्रेड के कारण एयर इंडिया–इंडिगो की सेवाएं प्रभावित

3 Min Read

A320 maintenance impact flights:

नई दिल्ली, एजेंसियां। देश की दो प्रमुख एयरलाइंस एयर इंडिया और इंडिगो ने शनिवार को यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है। दोनों कंपनियों ने कहा है कि एयरबस A320 सीरीज के विमानों में जारी तकनीकी अपग्रेड के कारण उड़ान सेवाएं प्रभावित होंगी। एयरबस द्वारा ग्लोबल स्तर पर A320 फैमिली के लिए जारी तकनीकी निर्देशों के आधार पर बड़े पैमाने पर अपडेट प्रक्रिया चल रही है, जिसके चलते उड़ानों के शेड्यूल पर असर पड़ सकता है।

सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर अपडेट के कारण उड़ानों में देरी

एयरबस A320 फ्लीट में सुरक्षा और दक्षता बढ़ाने के लिए अनिवार्य सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर अपडेट किए जा रहे हैं। एयर इंडिया और इंडिगो दोनों ने स्पष्ट किया है कि उनके बेड़े में शामिल कई विमानों को तकनीकी अपग्रेड के लिए अस्थायी रूप से ग्राउंड करना पड़ा है। इस वजह से कई रूट्स पर उड़ानें देर से चल सकती हैं या अस्थायी रूप से रद्द हो सकती हैं।

एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करके यात्रियों से कहा कि वे यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति अवश्य चेक करें। एयरलाइन ने असुविधा के लिए खेद जताया और बताया कि A320 सीरीज विमान कई एयरलाइनों में उपयोग हो रहे हैं, इसलिए अपडेट का असर व्यापक स्तर पर दिखेगा।

रेट्रोफिट प्रोग्राम पूरा, फिर भी जारी रहेगा तकनीकी अपग्रेड

हाल ही में एयर इंडिया ने बताया था कि उसके पुराने A320neo विमानों के 27 में से अंतिम विमान का भी रेट्रोफिट पूरा हो चुका है। नए केबिन इंटीरियर और अपग्रेडेड सुविधाओं के साथ कंपनी अब 104 A320 फैमिली एयरक्राफ्ट का संचालन कर रही है। हालांकि, एयरबस द्वारा जारी किए गए नवीनतम तकनीकी निर्देश के चलते अतिरिक्त अपडेट अभी भी बाकी हैं।

इंडिगो ने भी दी चेतावनी, यात्रियों से की अपील

इंडिगो ने कहा कि उसके लिए यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और वह सभी अपडेट प्रोटोकॉल के अनुसार कर रही है। एयरलाइन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पहले ऐप या वेबसाइट पर फ्लाइट स्टेटस चेक करते रहें।दोनों एयरलाइनों ने आश्वासन दिया है कि उनकी टीमें रीबुकिंग और मदद के लिए 24×7 उपलब्ध रहेंगी। आने वाले कुछ दिनों तक A320 अपडेट का असर देश भर के कई उड़ान मार्गों पर देखने को मिल सकता है।

Share This Article