Satyapal Malik passed away:
नई दिल्ली, एजेंसियां। जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का मंगलवार को दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में निधन हो गया। 79 वर्षीय सत्यपाल मलिक लंबे समय से किडनी से जुड़ी गंभीर समस्या से जूझ रहे थे। उनकी हालत मई महीने में बिगड़ गई थी जब उन्हें यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उनकी दोनों किडनियों ने काम करना बंद कर दिया था, जिससे उनकी हालत और खराब हो गई।सत्यपाल मलिक ने अपनी बीमारी की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी दी थी।
वे बिहार, गोवा, मेघालय और जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल रह चुके थे और राजनीतिक क्षेत्र में अपनी स्पष्टवादी छवि और प्रशासनिक समझ के लिए जाने जाते थे। उनके निधन पर देशभर के कई नेता शोक व्यक्त कर रहे हैं।
किडनी की बीमारी कितनी गंभीर होती है?
किडनी शरीर का महत्वपूर्ण अंग है जो रक्त को साफ करता है, टॉक्सिन्स निकालता है और शरीर में पानी तथा खनिजों का संतुलन बनाए रखता है। जब किडनी काम करना बंद कर देती है, तो शरीर में हानिकारक पदार्थ जमा होने लगते हैं।
किडनी फेलियर या क्रॉनिक किडनी डिजीज (CKD) के कारण हो सकते हैं:
उच्च रक्तचाप (हाई ब्लड प्रेशर)
डायबिटीज
बार-बार होने वाले संक्रमण
अस्वास्थ्यकर जीवनशैली और भोजन
दवाओं का अधिक इस्तेमाल, खासकर पेनकिलर और स्टेरॉयड
‘साइलेंट किलर’
यह बीमारी अक्सर ‘साइलेंट किलर’ कहलाती है क्योंकि इसके शुरुआती लक्षण बहुत हल्के होते हैं। जैसे-जैसे बीमारी बढ़ती है, थकान, सूजन, पेशाब में बदलाव और ब्लड प्रेशर की समस्याएं नजर आने लगती हैं। अंततः मरीज को डायलिसिस या किडनी ट्रांसप्लांट की आवश्यकता पड़ती है।सत्यपाल मलिक की मौत से राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनकी सेवा और योगदान को याद किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें
Satyapal Malik: पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का निधन, राजनीतिक जीवन के 50 वर्षों का सफर खत्म








