DA hike before Diwali: दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को तोहफा, 3 फीसदी बढ़ा डीए

2 Min Read

DA hike before Diwali:

नई दिल्ली, एजेंसियां। त्योहारों के मौसम में केंद्र सरकार ने अपने लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी सौगात दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई।

इस फैसले के बाद कर्मचारियों का डीए 55 प्रतिशत से बढ़कर अब 58 प्रतिशत हो जाएगा। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2025 से प्रभावी होगी। यानी केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स को न सिर्फ बढ़ा हुआ डीए मिलेगा, बल्कि जुलाई, अगस्त और सितंबर माह का बकाया (Arrears) भी उनके खाते में आएगा। माना जा रहा है कि अक्टूबर की सैलरी के साथ यह पैसा जारी कर दिया जाएगा। इससे दिवाली और दशहरा पर कर्मचारियों की जेब और भर जाएगी।

पेंशनर्स और फैमिली पेंशनर्स को भी लाभः

सरकार के इस फैसले का लाभ केंद्र सरकार के सभी कर्मचारियों, पेंशनर्स और फैमिली पेंशनर्स को मिलेगा। सातवें वेतन आयोग के दायरे में आने वाले करोड़ों लोगों को इससे सीधा फायदा होगा।

साल में दो बार होता है DA संशोधनः

महंगाई भत्ते में संशोधन साल में दो बार किया जाता है। एक बार साल की शुरुआत में और दूसरी बार साल के मध्य में। साल 2025 में यह दूसरी बढ़ोतरी है। सरकार का मानना है कि डीए में यह इजाफा कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को महंगाई से राहत देने के साथ-साथ त्योहारों के समय बाजार में खरीदारी को भी बढ़ावा देगा।

त्योहारों में खुशियां दोगुनीः

अर्थशास्त्रियों का कहना है कि सरकार का यह फैसला उपभोक्ता मांग को बढ़ाएगा और इससे खुदरा बाजार में रौनक लौटेगी। वहीं, कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए दिवाली और दशहरा का यह त्योहार और भी खास हो जाएगा।

इसे भी पढ़ें

केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में हो सकती है बढ़ोतरी

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं