पाकिस्तान के कुलीन परिवार से है तहव्वुर राणा का नाता, पत्नी भी है डॉक्टर [Tehvvur Rana belongs to an elite family of Pakistan, his wife is also a doctor]

6 Min Read

26/11 Mumbai:

मुंबई, एजेंसियां। मुंबई आतंकवादी हमलों का मास्टरमाइंड तहव्वुर हुसैन राणा भारत पहुंच चुका है। गिरफ्तारी के लगभग 16 साल बाद अमेरिका से उसे भारत प्रत्यर्पित किया गया है।

उसे स्पेशल प्लेन से भारत लाया गया। राणा के दिल्ली पहुंचने पर उसे न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की संभावना है। संभवतः राणा को दिल्ली की तिहाड़ जेल में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा जाएगा। तहव्वुर राणा पहले पाकिस्तानी सेना में डॉक्टर था।

बाद में उसने सेना की नौकरी छोड़ दी और कनाडा में नागरिकता लेकर इमिग्रेशन का बिजनेस शुरू किया। वह 26/11 मुंबई हमले के सह-साजिशकर्ता के रूप में शामिल था और वर्तमान में आतंकवाद से जुड़े आरोपों का सामना कर रहा है।

तहव्वुर राणा के परिवार के बारे में सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी सीमित है। क्योंकि यह एक संवेदनशील मामला है और उसकी निजी जिंदगी को गोपनीय रखा गया है। हालांकि, कुछ विश्वसनीय स्रोतों के आधार पर जो जानकारी मिलती है, उसके अनुसार तहव्वुर राणा ने काफी पहले पाकिस्तान छोड़ दिया था और विदेश चला गया था। हालांकि वह विदेश में कहां-कहां रहा, इसकी बहुत जानकारी नहीं है। बाद में वह कनाडा का नागरिक बन गया।

26/11 Mumbai: हसन अब्दाल कैडेट कॉलेज में हुई पढ़ाई

तहव्वुर हुसैन राणा का जन्म 12 जनवरी 1961 को पंजाब के चिचावतनी में हुआ था। तहव्वुर हुसैन राणा का संबंध एक कुलीन पाकिस्तानी परिवार से है। उसके पिता लाहौर के पास एक हाई स्कूल के प्रिंसिपल थे।

उनका परिवार अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए जाना जाता है। तहव्वुर राणा के भाइयों में से एक पाकिस्तानी सेना में मनोचिकित्सक और लेखक हैं। जबकि दूसरा भाई कनाडाई न्यूज पेपर ‘द हिल टाइम्स’ में पत्रकार है।

अमूमन पाकिस्तानी आतंकवाद को मदरसों से निकले गरीबी में पले बढ़ें रंगरूटों की घिसी-पिटी छवि से जोड़ा जाता है। लेकिन तहव्वुर राणा का मामला इन सबसे अलग था। तहव्वुर राणा की पढ़ाई प्रतिष्ठित हसन अब्दाल कैडेट कॉलेज में हुई थी। जो पाकिस्तान में कुलीन लड़कों का एक सैन्य आवासीय विद्यालय है।

जिसके पूर्व छात्रों में कई जनरल और राजनयिक शामिल हैं। राणा ने मेडिकल में अपना करियर बनाया और पाकिस्तान आर्मी मेडिकल कोर में कैप्टन जनरल ड्यूटी प्रैक्टिशनर के रूप में काम किया। सेना छोड़ने के बाद वह 1997 में पत्नी के साथ कनाडा चला गया। दोनों ने जून 2001 में कनाडाई नागरिकता हासिल कर ली।

26/11 Mumbai: शिकागो में रहते थे पत्नी और बच्चे

टीओआई की एक पुरानी रिपोर्ट के मुताबिक तहव्वुर राणा, अपनी पत्नी समराज अख्तर राणा, दो बेटियों और एक बेटे के साथ शिकागो में रहता था। कहा जाता है कि वहां पर उसके कई बिजनेस थे। उसका एक फार्म भी था जो शिकागो के देसी एन्क्लेव, डेवन एवेन्यू में उसके किराने की दुकान को हलाल मांस की सप्लाई करता था।

राणा के पास कनाडा में ओटावा के बाहर एक घर भी था, जहां उसके बीमार पिता और उसका छोटा भाई अब्बास राणा रहते थे। यह स्पष्ट नहीं है कि पिता और भाई अभी भी वहीं हैं या कहीं और चले गए हैं।

26/11 Mumbai: पत्नी समराज राणा भी है डॉक्टर

तहव्वुर राणा की पत्नी समराज राणा अख्तर एक डॉक्टर हैं. समराज ने भी पाकिस्तान में मेडिकल की पढ़ाई की थी। लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि वह वर्तमान में प्रैक्टिस कर रही है या नहीं। वह तहव्वुर के साथ 2008 में भारत की यात्रा पर गई थीं, जिसमें मुंबई भी शामिल था, जो बाद में 26/11 हमले का निशाना बना।

तहव्वुर और समराज के तीन बच्चे हैं। उनके नाम और उम्र के बारे में स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है। ऐसा माना जाता है कि उनके बच्चे कनाडा या अमेरिका में पले-बढ़े होंगे, क्योंकि तहव्वुर ने इन देशों में लंबा समय बिताया है। बच्चों की शिक्षा या पेशे के बारे में भी कोई ठोस जानकारी नहीं है।

26/11 Mumbai: पाकिस्तान में रिश्तेदारों का अता-पता नहीं

तहव्वुर ने शिकागो (अमेरिका) और टोरंटो (कनाडा) में अपने बिजनेस ‘फर्स्ट वर्ल्ड इमिग्रेशन सर्विसेज’ के कार्यालय स्थापित किए थे, इसलिए उनका परिवार इनमें से किसी शहर में हो सकता है। उनके अधिकांश नजदीकी रिश्तेदार भी उनके साथ या अन्य देशों में चले गए होंगे।

फिर भी, कुछ परिवार (चचेरे भाई, मामा, आदि) संभवतः अभी भी पाकिस्तान में हो सकते हैं। लेकिन उनके बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। इसलिए, यह कहना मुश्किल है कि तहव्वुर के कितने रिश्तेदार आज की तारीख में पाकिस्तान में रहते हैं।

इसे भी पढ़ें

Tahavvur Rana: मुंबई हमले का मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा भारत लाया गया, NIA ने लिया 18 दिनों की रिमांड पर, होगी पूछताछ

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं