Anand Kumar created history:
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारत ने खेल इतिहास में स्वर्णिम पन्ना जोड़ते हुए अपना पहला स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियन पाया। 22 वर्षीय आनंदकुमार वेलकुमार ने चीन में आयोजित स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में मेन्स सीनियर 1000 मीटर स्प्रिंट में गोल्ड मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाया। उन्होंने 1:24.924 सेकंड के समय के साथ फिनिश लाइन पार की और वर्ल्ड चैंपियन बनने वाले पहले भारतीय स्केटर बने।
वेलकुमार ने शानदार प्रदर्शन किया
इससे पहले भी वेलकुमार ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 500 मीटर स्प्रिंट में 43.072 सेकंड का समय निकालकर ब्रॉन्ज मेडल जीता, जो वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का पहला सीनियर मेडल था। वहीं, उसी चैंपियनशिप की जूनियर कैटेगरी में कृष शर्मा ने भी 1000 मीटर स्प्रिंट में गोल्ड मेडल हासिल कर भारत को डबल गोल्ड दिलाया।
यह जीत भारतीय स्केटिंग के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि रोलर स्पोर्ट्स लंबे समय से देश में लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश कर रहा है। वेलकुमार ने इससे पहले 2025 की शुरुआत में चेंगदू वर्ल्ड गेम्स में 1000 मीटर स्प्रिंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर रोलर स्पोर्ट्स में भारत का पहला अंतरराष्ट्रीय पदक दिलाया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आनंदकुमार को बधाई देते हुए एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में गोल्ड जीतने वाले आनंदकुमार वेलकुमार पर गर्व है। उनके धैर्य, गति और जज्बे ने उन्हें भारत का पहला वर्ल्ड चैंपियन बनाया। उनकी यह उपलब्धि लाखों युवाओं को प्रेरित करेगी।”आनंदकुमार की यह उपलब्धि भारतीय खेलों में नया अध्याय है और उम्मीद जताई जा रही है कि इससे देश में स्केटिंग को नई पहचान और गति मिलेगी।
इसे भी पढ़ें








