जयपुर हादसा: जर्जर मकान गिरने से सास की मौत, बहू घायल 15 दिन में दूसरा बड़ा हादसा

2 Min Read

Jaipur accident:

जयपुर, एजेंसियां। राजस्थान की राजधानी जयपुर में गुरुवार सुबह एक बार फिर जर्जर मकान ढहने से बड़ा हादसा हो गया। सुभाष चौक थाना क्षेत्र के झिलाई हाउस में सुबह करीब 7 बजे यह घटना हुई, जब अचानक मकान भरभरा कर गिर पड़ा। इस हादसे में घर के अंदर मौजूद सास और बहू मलबे में दब गईं। मौके पर ही 55 वर्षीय धन्नाबाई की मौत हो गई, जबकि बहू सुनीता गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के समय परिवार के दो बच्चे बाहर खेल रहे थे, जिससे वे बाल-बाल बच गए।

हादसे का रेस्क्यू और प्रशासन की कार्रवाई

स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और दोनों महिलाओं को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां सुनीता का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि नगर निगम प्रशासन ने इस जर्जर मकान को खाली कराने के लिए पहले ही नोटिस जारी किया था। हालांकि, मकान मालिक का कहना है कि उन्हें नोटिस मिला ही नहीं।

हाल ही में हुआ था दूसरा हादसा

यह घटना 15 दिनों में दूसरी बार हुई है, जब जयपुर में पुराना मकान गिरा और लोगों की जान चली गई। कुछ दिन पहले भी मकान गिरने से दो लोगों की मौत और 19 लोग घायल हुए थे। दोनों हादसों में अब तक तीन मौतें हो चुकी हैं।

नगर निगम का नोटिस अभियान

नगर निगम प्रशासन ने मानसून सीजन को देखते हुए 48 जर्जर भवनों और हवेलियों को नोटिस जारी किया था। इनमें किशनपोल क्षेत्र की 8 इमारतें शामिल थीं, जिन्हें सील भी किया गया था। इसके बावजूद हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है, जिससे शहरवासियों में डर और नाराजगी बढ़ रही है।

इसे भी पढ़ें

Accident in Khelgaon: रांचीः खेलगांव में दर्दनाक हादसा, स्कूली बस की चपेट में आकर स्कूटी सवार छात्रा की मौत


Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं