UGC fake universities list 2026: UGC ने जारी की 32 फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची, झारखंड की दक्ष यूनिवर्सिटी भी शामिल

2 Min Read

UGC fake universities list 2026:

नई दिल्ली, एजेंसियां। UGC ने शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए देशभर के 32 फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची जारी कर छात्रों और अभिभावकों को सतर्क किया है। आयोग के अनुसार ये संस्थान बिना वैधानिक मान्यता के संचालित हो रहे हैं और इन्हें डिग्री प्रदान करने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है। UGC ने स्पष्ट कहा है कि इन संस्थानों से प्राप्त डिग्रियां किसी भी सरकारी या निजी नौकरी अथवा उच्च शिक्षा में मान्य नहीं होंगी।

झारखंड की दक्ष यूनिवर्सिटी भी शामिल

सूची में झारखंड की दक्ष यूनिवर्सिटी, रांची का नाम भी शामिल है, जिससे छात्रों में हड़कंप मच गया है। इसके अलावा दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई संस्थान भी फर्जी पाए गए हैं। आयोग ने बताया कि पहले फर्जी विश्वविद्यालयों की संख्या लगभग 20 थी, जो अब बढ़कर 32 हो गई है। महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक से दो-दो संस्थान सूची में शामिल हैं, जबकि पुडुचेरी, केरल, हरियाणा, राजस्थान और अरुणाचल प्रदेश से एक-एक संस्थान चिन्हित किए गए हैं।

UGC की सख्त चेतावनी

UGC ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि इन संस्थानों की मार्कशीट और प्रमाणपत्र रद्दी कागज के समान हैं। छात्रों को सलाह दी गई है कि प्रवेश लेने से पहले UGC की आधिकारिक वेबसाइट पर संस्थान की मान्यता अवश्य जांच लें और केवल मान्यता प्राप्त केंद्रीय, राज्य या डीम्ड विश्वविद्यालयों में ही दाखिला लें, ताकि समय और धन दोनों की बर्बादी से बचा जा सके।

Share This Article