PM Modi Israel visit 2026: 9 साल बाद इजराइल पहुंचेगे पीएम मोदी, नेतन्याहू से होगी अहम मुलाकात

3 Min Read

PM Modi Israel visit 2026

नई दिल्ली, एजेंसियां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय राजकीय दौरे पर Israel के लिए रवाना हो गए हैं। यह उनका इजराइल का दूसरा दौरा है और करीब नौ साल बाद हो रही इस यात्रा को दोनों देशों के संबंधों के लिए अहम माना जा रहा है। दौरे से पहले पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि यह यात्रा भारत-इजराइल रिश्तों को नई ऊंचाई देगी और रणनीतिक साझेदारी के लिए नए लक्ष्य तय करेगी।

नेतन्याहू के साथ अहम बातचीत

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के आमंत्रण पर हो रहे इस दौरे में पीएम मोदी 25 और 26 फरवरी को विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि वह अपने “प्यारे दोस्त” नेतन्याहू के साथ बातचीत का इंतजार कर रहे हैं, जिसका उद्देश्य रक्षा, तकनीक, कृषि, साइबर सुरक्षा और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करना है। पीएम मोदी इजराइल के राष्ट्रपति Isaac Herzog से भी मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच हाल के वर्षों में रक्षा और सुरक्षा सहयोग में तेजी आई है, जिसे आगे बढ़ाने पर भी चर्चा होने की संभावना है।

नेसेट को संबोधित करेंगे पीएम

इस दौरे की एक खास बात यह है कि पीएम मोदी इजराइली संसद Knesset को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने इसे दोनों देशों के मजबूत लोकतांत्रिक मूल्यों और पारस्परिक सम्मान का प्रतीक बताया।पीएम ने कहा कि वह इजराइल में बसे भारतीय समुदाय से मिलने के लिए भी उत्सुक हैं, जिन्होंने वर्षों से दोनों देशों के बीच दोस्ती को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है।

आतंकवाद के खिलाफ सहयोग पर जोर

दौरे से ठीक पहले भारत और इजराइल ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति दोहराई है। दोनों देशों ने सूचना साझा करने और सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने पर सहमति जताई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह यात्रा रक्षा तकनीक, खुफिया सहयोग और संयुक्त अनुसंधान के क्षेत्र में नए समझौतों का रास्ता खोल सकती है।

पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि यह दौरा न केवल द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करेगा, बल्कि वैश्विक चुनौतियों से निपटने में भी दोनों देशों की साझेदारी को नई दिशा देगा।

Share This Article