LPG cylinder delivery delay
नई दिल्ली, एजेंसियां। देश में एलपीजी गैस की सप्लाई को लेकर हाल के दिनों में लोगों के बीच चिंता बढ़ी है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और वैश्विक हालात के कारण कई जगहों से गैस सिलेंडर की डिलीवरी में देरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि घरेलू एलपीजी की सप्लाई सुरक्षित है और आम उपभोक्ताओं की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है।
इसके बावजूद कई शहरों में उपभोक्ताओं ने शिकायत की है कि बुकिंग करने के बाद भी समय पर सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो रही है। कुछ मामलों में गैस एजेंसियों पर मनमानी करने और अतिरिक्त पैसे मांगने के आरोप भी लगे हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे सीधे अपनी गैस कंपनी के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं।
बुकिंग अवधि बढ़कर हुई 25 दिन
सरकार ने हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग अवधि को 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है। इसका मतलब है कि एक सिलेंडर लेने के बाद अगली बुकिंग के लिए उपभोक्ताओं को अब 25 दिन इंतजार करना होगा। इस बदलाव के बाद कुछ स्थानों पर डिलीवरी में देरी की शिकायतें बढ़ी हैं।
अगर कोई डीलर जानबूझकर सिलेंडर देने में देरी करता है या अतिरिक्त पैसे की मांग करता है, तो उपभोक्ता उसकी शिकायत कर सकते हैं।
इन नंबरों पर दर्ज कराएं शिकायत
- Indane Gas
टोल फ्री नंबर: 1800-2333-555
LPG बुकिंग और शिकायत: 7718955555 - Bharat Gas
टोल फ्री नंबर: 1800-22-4344
LPG बुकिंग नंबर: 7715012345 - HP Gas
टोल फ्री नंबर: 1800-2333-555
HP Anytime LPG: 9493602222
घबराएं नहीं, अधिकारों का करें इस्तेमाल
विशेषज्ञों का कहना है कि देश में फिलहाल घरेलू एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और सरकार इसकी आपूर्ति पर लगातार निगरानी रख रही है। अगर किसी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर की डिलीवरी में समस्या आती है, तो उन्हें घबराने की बजाय तुरंत शिकायत दर्ज करनी चाहिए।सही समय पर शिकायत करने से न केवल समस्या का समाधान जल्दी हो सकता है, बल्कि गैस एजेंसियों की मनमानी पर भी रोक लगाई जा सकती है।







