Kanpur Central Railway Station
कानपुर, एजेंसियां। कानपुर सेंट्रल स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शुक्रवार शाम हड़कंप मच गया। कमिश्नरी पुलिस के कंट्रोल रूम पर सूचना मिली कि “शाम सात बजे सेंट्रल स्टेशन को बम से उड़ा दिया जाएगा, सब कुछ खत्म हो जाएगा।” इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं।
घंटों चला सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही पुलिस, आरपीएफ, जीआरपी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने पूरे स्टेशन परिसर की सघन तलाशी ली। प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, वेटिंग एरिया, यात्री विश्राम कक्ष और टिकट काउंटर समेत सभी संवेदनशील स्थानों की जांच की गई। हालांकि, लंबी जांच के बाद कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। यात्रियों और आसपास मौजूद लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई। उनसे कहा गया कि किसी भी संदिग्ध वस्तु को न छुएं और तुरंत पुलिस को सूचना दें।
36 घंटे में दूसरी धमकी
गौरतलब है कि पिछले 36 घंटों के भीतर स्टेशन को उड़ाने की यह दूसरी धमकी है। लगातार मिल रही धमकियों से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
युवक हिरासत में, मोबाइल चोरी की बात
डीसीपी पूर्वी Satyajit Gupta ने बताया कि सूचना के बाद एलआईयू और खुफिया टीम ने भी मौके का जायजा लिया। पुलिस ने कॉल करने वाले एक युवक को हिरासत में लिया है। पूछताछ में युवक ने 24 फरवरी को मोबाइल चोरी होने की बात कही है। फिलहाल आरपीएफ उससे पूछताछ कर रही है और कॉल की सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि धमकी के पीछे असल मकसद क्या था। फिलहाल स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।







