LPG gas shortage
नई दिल्ली, एजेंसियां। देश में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत की खबरों के बीच केंद्र सरकार सक्रिय हो गई है। सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के साथ गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए कई कड़े कदम उठाए हैं। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, सभी उपभोक्ताओं को पर्याप्त गैस उपलब्ध कराने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बनी स्थिति के बीच सरकार ने गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कई फैसले किए हैं। इसके साथ ही आवश्यक सेवाओं को बनाए रखने के लिए एस्मा लागू किया गया है।
सरकार के 6 बड़े कदम
- रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल इकाइयों को घरेलू रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
- सरकारी और निजी रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन अधिकतम करने का आदेश दिया गया है।
- जमाखोरी और ‘पैनिक बुकिंग’ रोकने के लिए सिलेंडर बुकिंग का अंतर 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है।
- घरेलू पाइप्ड प्राकृतिक गैस (PNG), वाहनों के लिए CNG और घरेलू एलपीजी को प्राथमिकता देने का फैसला लिया गया है।
- होटल और रेस्तरां में कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति सुचारू रखने के लिए तेल विपणन कंपनियों (OMCs) की एक विशेष समिति बनाई गई है।
- अतिरिक्त उत्पादित एलपीजी को केवल तीन सरकारी कंपनियों — Indian Oil Corporation, Bharat Petroleum और Hindustan Petroleum को ही बेचने की अनुमति दी गई है।
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की किल्लत
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की अचानक कमी से होटल और रेस्तरां उद्योग में चिंता बढ़ गई है। इस स्थिति को देखते हुए पेट्रोलियम मंत्रालय ने आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा के लिए एक समिति गठित की है। यह समिति शहरों में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता पर नजर रखेगी और जरूरत के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करेगी।
होटल-रेस्तरां में 19 किलो का सिलेंडर
आमतौर पर होटल और रेस्तरां में 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडर की जगह 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर इस्तेमाल होता है। कई शहरों, खासकर Bengaluru में इन सिलेंडरों की कमी की शिकायतें सामने आई हैं। पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा है कि घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल और रेस्तरां को भी बिना किसी बाधा के गैस उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।








